सीतापुर के तंबौर SO सहित 11 पुलिस कर्मी कोरोना पाॅजीटिव, पूरे स्टाफ का हुआ टेस्ट

(लहरपुर) सीतापुर: बीते दिनों जिले के तंबौर थाने में तैनात पुलिस कर्मियों के पाॅजीटिव निकलने के बाद सोमवार को यहां तैनात सभी का एंटीजन टेस्ट कराया गया। इस टेस्ट में यहां के थानाध्यक्ष समेत 11 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पाॅजीटिव आई है। अब स्वास्थ्य महकमे द्वारा इन सभी को क्वारंटीन कर इनके संपर्क में लोगों की भी जांच कराएगी।
बीते शनिवार को तंबौर थाने में तैनात एक महिला और पुरुष सिपाही कोरोना पाॅजीटिव निकले थे। इसके बाद से ही आशंका बनी हुई थी कि यहां और लोग भी कोरोना के मरीज हो सकते हैं। इसे देखते हुए यहां तैनात सभी पुलिस कर्मियों के अलावा उनके संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कराई गई। जांच ने समूचे तंबौर कस्बे को हिलाकर रख दिया है। वजह यह है कि यहां के थानाध्यक्ष स्वयं ही कोरोना पाॅजीटिव निकल आए हैं। इतना ही नहीं थाने में तैनात दस और पुलिस कर्मियों की रिपोर्ट भी पाॅजीटिव आ गई है। सीएचसी अधीक्षक तंबौर संजय गौड़ ने बताया कि आज क्षेेत्र में कुल 183 लोगों को एंटीजन किट से जांच कराई गई है, जिनमें छतानपुर के 126, 108 एंबुलेंस के चार चालक व तंबौर थाने के 43 लोग शामिल हैं। इनमें तंबौर थाने के एसओ समेत 11 की रिपोर्ट पाॅजीटिव आई है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। मुख्यालय से एंबुलेंस आने पर सभी को संबंधित अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया जाएगा। ऐसे में अब एक्टिव कोरोना मरीजों का आंकड़ा 255 के आसपास पहुंच गया है।
बिसवां में सिपाही समेत दो पॉजिटिव
बिसवां, सीतापुर : प्रशासन के निर्देश पर बिसवां के हॉटस्पॉट व कन्टेनमेंट एरिया के लोगो का बिसवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटीजन रैपिड टेस्ट किया गया, जिसमें दो लोग पॉजिटव पाए गए है। इनमे सरावगी टोला की 55 वर्षीय महिला और सकरन थाने में तैनात 24 वर्षीय सिपाही जो बिसवां कोतवाली में बने आवास में रहता है, शामिल हैं। नगर पालिका ने सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया है।





