कोरोना मरीजों को न बिजली और न खाना, अब एमजे पैलेस का वीडियो हुआ वायरल

सीतापुर: अभी खैराबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बने एल वन हाॅस्पिटल का वीडियो जारी हुए 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि अब खैराबाद में अस्थायी तौर पर बनाए गए एक और अस्पताल का वीडियो वायरल हो गया है। यहां भर्ती मरीजों ने स्वास्थ्य महकमे के दावों को धता बताते हुए व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। मरीजों ने भोजन से लेकर अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न होने का आरोप भी लगाया है।
खैराबाद स्थित एमजे पैलेस में अस्थायी तौर पर बनाए गए अस्पताल में 21 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है। यहां भर्ती मरीजों द्वारा रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया है। वीडियो में एक मरीज का कहना है कि यहां कई-कई घंटों लाइट नहीं मिलती है। सफाई व्यवस्था का आलम यह है कि डस्टबिन दो-दो दिन तक खाली नहीं किए जाते हैं। कमरों का हाल तो और भी बुरा है। कमरों की सफाई भर्ती होने के बाद से अब तक नहीं हुई है। एक अन्य मरीज का कहना है कि उसके कमरे का पंखा पिछले तीन दिनों से खराब पड़ा है। रुपये लगातार दिए जा रहे हैं, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं हो रही है। यहां के कर्मचारियों से शिकायत करने पर उनके द्वारा सीएमओ से संपर्क करने की बात कही जा रही है। डाॅक्टरों के आने-जाने का भी कोई समय निर्धारित नहीं है। मरीजों का कहना था कि उन्हें भोजन और गर्म पानी समय से मिलना चाहिए, लेकिन उन्हें कोई सुविधा नहीं मिल रही है। पैलेस के मैनेजर का कहना है कि आप सीएमओ से संपर्क कर उनकी शिकायत कर दें और कहीं और भर्ती हो जाएं। इस बाबत सीएमओ डाॅ आलोक वर्मा ने बताया कि एमजे पैलेस के प्राइवेट कर्मचारी वहां से भाग चुके हैं। इसके कारण कुछ समस्याएं आ रही हैं। जल्द ही इन समस्याओं को दूर करा लिया जाएगा।





