सादी वर्दी पहन कर लॉकडाउन में पुलिस की मुस्तैदी देखने निकले एसपी शिवहरी मीणा, दिया 2100 का इनाम

सुलतानपुर। शनिवार की शाम लॉक डाउन में पुलिस की मुस्तैदी देखने एसपी अकेले ही निकल पड़े।
नीले सफेद रंग की चेकदार शर्ट, सफेद पैंट, चेहरे पर लिपटा हुआ गमछा और उसके नीचे स्लेटी रंग का मास्क पहने वह पुलिस की लगाई बैरिकेडिंग के बीच से निकल कर जाने लगे। वहां तैनात सिपाहियों ने उन्हें रुकने को कहा। तो वह भागने लगे। वहीं ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया।
इन सबके बीच पुलिस टीम को यह नही पता था कि जिन्हें वे नियम तोड़ने का अपराधी समझ रहे हैं, वह कोई और नहीं, बल्कि खुद एसपी हैं। फिलहाल पुलिस ने पूछताछ शुरू की, तब उन्होंने मुंह में बंधे गमछे को हटाया। और तालियां बजाकर तारीफ करने लगे। पुलिसकर्मी समझ नही पा रहे थे कि उन्होंने गुड वर्क किया है या कोई अपराध। इसी बीच उनकी सरकारी गाड़ी और उनके गनर, पीआरओ भी आ गए। वहीं पर पुलिस की मुस्तैदी से खुश एसपी शिवहरी मीणा ने पिकेट पर तैनात
उप निरीक्षक सीताकुंड कमलेश यादव, दीवान विवेक पांडेय व सिपाही, महिला कांस्टेबल समेत आठ पुलिस वालो को 2100 रुपये इनाम देने की घोषणा की। एसपी की इस कार्यशैली की खूब प्रशंशा हो रही है। मालूम हो कि आईपीएस शिवहरी मीणा हमेशा अपने तैनाती वाले जिलों में कुछ नया करने के लिए जाने जाते हैं। इसके पहले रामपुर जिले में तैनाती के दौरान भी वह अकेले बाइक पर सवार होकर रात्रि निरीक्षण पर निकले तो सिपाही ने रुकने के लिए कहा। न रुकने पर सिपाही ने कनपटी पर पिस्टल लगा दिया। जिसके बाद उन्हें अपनी पहचान बतानी पड़ी। जिसकी चर्चा आज भी लोग करते हैं।





