एक बार फिर बहराइच में दहशत ने दी दस्तक

बहराइच में तेँदुए का हमला
युवक औऱ तेँदुए में संघर्ष, किसी तरह बची जान
तेंदुए के हमले में लहूलुहान हुआ युवक
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मुर्तिहा रेंज अंतर्गत खेत से घर लौट रहे एक युवक पर तेंदुए ने हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। तेंदुए से जान बचाने को लेकर युवक ने करीब पांच मिनट तक संघर्ष किया। गांव के लोग हाका लगाते हुए दौड़े तब तेंदुआ युवक को छोड़कर जंगल की ओर चला गया।
कतर्नियाघाट वन प्रभाग के मुर्तिहा रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरीघटही के मजरा निबिया पुरवा में गांव निवासी युवक राजू (25) पुत्र बाबूराम गुरुवार देर रात अपने खेत से घर लौट रहा था। तभी झाड़ी में छिपे तेंदुए ने अचानक युवक पर हमला कर दिया इसपर युवक अपनी जान बचाने के प्रयास में तेंदुए से लगातार संघर्ष करते हुए शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा।
आसपास मौजूद गांववासी युवक की गुहार सुनकर हाका लगाते हुए दौड़े । इस बीच करीब पांच मिनट तक तेंदुए और युवक के बीच संघर्ष चला। शोर मचाते हुए ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख तेंदुआ युवक को लहूलुहान कर जंगल ओर चला गया । ग्रामीणों ने तत्काल सूचना रेंज कार्यालय पर दी । मौके पर पंहुचे वन दरोगा इसरार अहंमद ने खून से लथपथ युवक को जख्मी हालत में एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोतीपुर इलाज के लिए भेजा। तेंदुए के हमले में युवक के सिर और हाथ में गहरे जख्म हैं। तेंदुए के हमले की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है । वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सजग रहने को कहा है।
मिलेगी दस हजार की सहायता
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी दबीर हसन ने बताया कि तेंदुए के हमले में घायल युवक को डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की ओर से दस हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी । उन्होंने बताया कि फील्ड सहायक मंसूर अली को कार्रवाई सौंपी गई है। घायल को चेक दिया जाएगा ।





