Corona Update : टूट गए सारे रिकॉर्ड, बीते 24 घंटों में 49 हजार से ज्यादा नए मामले

नई दिल्ली। देश में कोरोना के मरीजों की संख्या अब 13 लाख के करीब पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 49 हजार 310 नए मामले सामने आए हैं। यह बढ़ोतरी अब तक की सबसे अधिक बढ़ोतरी है। इसके साथ कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 12 लाख 87 हजार 945 पर पहुंच गई है। वहीं, कोरोना से पिछले 24 घंटों में 740 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 30,601 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में 4,40,135 एक्टिव मरीज हैं। वहीं, राहत भरी खबर भी है देश में पिछले 24 घंटे में 34,603 मरीज स्वस्थ हुए हैं। किसी एक दिन में ठीक हुए लोगों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है और अब तक कोरोना से 8,17,209 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इसके साथ देश का रिकवरी रेट बढ़कर 63.45 प्रतिशत हो गया है।
देश में कोरोना मरीजों की पहचान के लिए लगातार टेस्टिंग हो रही है और दुनियाभर में अमेरिका तथा रूस के बाद भारत सबसे ज्यादा टेस्टिंग करने वाला देश है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार गुरुवार को देश में 3.52 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और अबतक देश में कुल 1.54 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।





