अभिनेता विशाल मल्होत्रा कल मनाएंगे अपना 39वां जन्मदिन

मुबंई। विशाल मल्होत्रा मनोरंजन जगत का एक ऐसा नाम हैं जिन्होंने अपनी मेहनत और शानदार अभिनय की बदौलत टेलीविजन से लेकर बॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाई। कई शो को होस्ट कर चुके विशाल मल्होत्रा का जन्म 22 जुलाई, 1981 में मुंबई में हुआ था। महज 15 साल की उम्र में ‘डिज्नी ऑवर’ जैसे शो को होस्ट करने वाले विशाल मल्होत्रा ने बहुत कम समय में दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। ‘डिज्नी ऑवर’ से बतौर होस्ट अपने करियर की शुरुआत करने वाले विशाल मल्होत्रा को इस शो के बाद कई शो को होस्ट करने का मौका मिला जिसमें इंटरटेनमेंट के लिए कुछ भी करेगा, परफेक्ट ब्राइड, इंडियाज बेस्ट साइन स्टार की खोज आदि जैसे कई मशहूर शोज शामिल हैं।

इसके साथ ही विशाल को टेलीविजन की कई धारावाहिकों में भी अभिनय करने का मौका मिला। इन धारावाहिकों में रिश्ते: द लव स्टोरीज, शरारत, विक्की एंड वेताल, धूम मचाओ धूम, कुछ तो लोग कहेगे, चन्द्रगुप्त मौर्य, बेहद 2 आदि शामिल हैं। इन धारावाहिकों में विशाल ने अपने शानदार अभिनय से घर-घर में अपनी पहचान बना ली।

विशाल ने छोटे पर्दे पर ही नहीं, बल्कि बड़े पर्दे पर भी अपने शानदार अभिनय की छाप छोड़ी है। विशाल ने साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म ‘इश्क-विश्क’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। केन घोष ने निर्देशन में बनी इस फिल्म में विशाल को अभिनेता शाहिद कपूर, अमृता राव और शहनाज ट्रेजरी के साथ अभिनय करने का मौका मिला। फिल्म में विशाल के अभिनय को काफी पसंद किया गया। इसके बाद विशाल को कई फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाने का मौका मिला, जिसमें काल, डोर, सलाम ए इश्क, नकाब, जन्नत, किस्मत कनेक्शन, एक विवाह ऐसा भी, अनजाना अनजानी, तलाश, हैप्पी न्यू ईयर, तू ही मेरा संडे आदि शामिल हैं। विशाल मल्होत्रा ने राशि चोपड़ा से साल 2010 में शादी की है और उनकी एक बेटी है जिसका नाम वेदु है।

Back to top button