लद्दाख भाजपा के पहले अध्यक्ष बने जमयांग सेरिंग नामग्याल

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नवगठित केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में संगठन की बागडोर जमयांग सेरिंग नामग्याल को सौंपी है। नामग्याल लद्दाख के पहले भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
जमयांग सेरिंग नामग्यालभाजपा महासचिव ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नामग्याल को लद्दाख का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। नामग्याल लद्दाख लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में 5 अगस्त को लोकसभा में जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए पर चर्चा के दौरान अपने धारदार भाषण से विपक्ष की जमकर खिंचाई की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह समेत सत्तापक्ष ने हिंदी में दिए गए नामग्याल के भाषण की जमकर सराहना की थी। उसी वक्त से नामग्याल एकाएक राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गए थे। अब भाजपा ने उन्हें लद्दाख में संगठन को मजबूत करने का जिम्मा सौंपा है। इससे पहले लद्दाख जम्मू कश्मीर का हिस्सा था। किंतु, अनुच्छेद 370 के हटने के बाद लद्दाख और जम्मू कश्मीर अलग-अलग केंद्रशासित प्रदेश बन गये हैं।
 

Back to top button