सीतापुर में हालात का जायजा लेने पहुंची एडीजी रेनुका मिश्रा, दिए कई निर्देश

सीतापुर। शासन के निर्देश पर सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक रेनुका मिश्रा दो दिन के दौरे पर सीतापुर पहुंची। यहां उन्होंने जिले के आला अधिकारियों के साथ तमाम हॉटस्पाट और शहर कोतवाली परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जिले में हो रहे अपराधों पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की।
सीतापुर के ग्रीकगंज में बनाये गए हॉटस्पॉट का निरीक्षण करती एडीजी रेनुका मिश्रएडीजी ने सबसे पहले शहर के मुहल्ला प्रेमनगर में बनाए गए हॉटस्पाट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाएं देखी सीओ सिटी योगेंद्र सिंह से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने यहां रहने वाले लोगों को आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई में कोई कमी न आने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने ग्रीकगंज हॉटस्पाट का जायजा लेते हुए कहा कि हॉटस्पाट एरिया में किसी प्रकार की हीलाहवाली न की जाए। एडीजी ने शहर कोतवाली व महिला थाने का निरीक्षण भी किया। उन्होंने दोनों थानों में आने वाले फरियादियों के लिए बनाई गई हेल्प डेस्क पर व्यवस्थाएं देखी। साथ ही लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उनके शीघ्र निस्तारण के आदेश भी दिए।
उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि कोरोना जैसी महामारी से बचने के लिए नियमों का कड़ाई से पालन किया जाना आवश्यक है। सोशल डिस्टेंसिंग का हर हाल में पालन किया जाए। उन्होंने बताया कि शासन से निर्धारित बिंदुओं पर पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी।
इसके साथ ही जिले के अन्य इलाकों में बनाए गए हॉटस्पाट का निरीक्षण कर वहां भी व्यवस्थाएं देखी जाएंगी। इस दौरान एसपी आरपी सिंह, एएसपी उत्तरी डॉ. राजीव दीक्षित समेत तमाम अधिकारियों की मौजूदगी रही।





