यूपी के सीतापुर में भारी पड़ रही लापरवाही, तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमित

सीतापुर। लगातार बढ़ रही कोरोना के मरीजों की संख्या बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। लोगों की बेपरवाही के चलते आज जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या आधा सैकड़ा के पास पहुंच गई है। मरीजों की बढ़ती संख्या के बावजूद शहर से लेकर गांवों तक लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
कोरोना की रोकथाम में लगे स्वास्थ्य व अन्य महकमों के उपाय भी नाकाफी साबित हो रहे हैं। हालात यह हो गए हैं कि अब गंभीर मरीजों को अस्पताल में बेड भी बामुश्किल मुहैया हो पा रहे हैं। बात अगर सीतापुर शहर की करें तो यहां के एक दवा व्यवसायी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद हालात दिन पर दिन बिगड़ते जा रहे हैं। उनके संपर्क में आने वाले कई लोग भी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं, जबकि कईयों की रिपोर्ट का इंतजार चल रहा है। आर्यनगर, प्रेमनगर करीब एक दर्जन मुहल्ले हॉटस्पॉट बने हुए हैं।
वहीं इसके अलावा बिसवां कस्बे में भी मरीजों की संख्या लगभग रोज ही बढ़ रही है। जिले की अन्य तहसीलों में भी मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। बावजूद इसके कोविड 19 के नियमों का पालन लोग करने को तैयार नहीं है। सड़कों पर निकलने वाले अधिकांश लोगों के चेहरों से मास्क गायब रहता है। बाजारों में तो सोशल डिस्टेंसिंग का अर्थ शायद ही किसी को पता हो। नियमों की अनदेखी कर गली-मुहल्लों में चाट-समोसे के ठेले आसानी से देखे जा सकते हैं।
लखनऊ से लौटे मरीज तो भेजे गए हरदोई
सीतापुर में मरीजों की बढ़ती संख्या के साथ बेड का भी संकट बढ़ने लगा है। खास तौर पर लेवल टू के मरीजों के लिए विकट समस्या है। यहां लेवल टू के हॉस्पिटल की अब तक कोई व्यवस्था नहीं है। बुधवार को कुछ मरीजों को लखनऊ रेफर किया गया था, लेकिन वहां बेड मुहैया न हो पाने के कारण मरीजों को वापस लाना पड़ा था। ऐसे में गुरूवार को लेवल टू के मरीजों को हरदोई में चिन्हित किए गए अस्पताल में भेजा गया है।
कोरोना मीटर
कुल पॉजीटिव पाए गए मरीज – 114
कुल एक्टिव मरीज – 49
कुल ठीक हो चुके मरीज – 64
कोरोना से हुई मौत – एक
अब तक हुए सैंपल – 12427
प्राप्त रिपोर्ट – 11683
प्रतीक्षित रिपोर्ट – 744





