Big News : पुलिस की सतर्कता से पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर विकास का साथी

कानपुर। कानपुर में चौबेपुर थानाक्षेत्र में बीते दिनों पुलिस पर हुए हमले में शामिल एक अपराधी को कल्यानपुर पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधी से पुलिस अन्य साथियों की जानकारी प्राप्त कर रही है। शुक्रवार देर रात चौबेपुर थानाक्षेत्र के बिकरु गांव में कुख्यात अपराधी विकास दुबे ने उसको पकड़ने गई पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में एक क्षेत्राधिकारी सहित आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। पूरी घटना को अंजाम देने वाले अपराधी विकास दुबे के साथ उसके कई साथी मौके से घटना को अंजाम देकर फरार हो गए थे। घटना के बाद मौके पर पहुंची भारी पुलिस बल ने कुछ देर में अपराधी के दो साथियों का एनकाउंटर भी कर दिया था।
इसी के बाद पुलिस ने विकास दुबे के ऊपर पहले 50 हजार का इनाम घोषित किया, फिर उसके बाद एक लाख का इनाम रख दिया था। आईजी मोहित अग्रवाल ने विकास के कई नामजद साथियों पर भी 25-25 हजार का इनाम रखा हुआ है। इसी के बाद कल्यानपुर पुलिस की सतर्कता से विकास का एक साथी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हो गया है। पुलिस के मुताबिक अपराधी शंकर अग्निहोत्री शिवली रोड से शनिवार देर रात भागने के प्रयास में था। पुलिस को देख उसने पुलिस पर हमला कर दिया, जिसके बाद जवाबी कार्यवाही के बाद पुलिस ने शंकर को पकड़ लिया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस शंकर के द्वारा अन्य फरार विकास के साथियों तक पहुंचने का प्रयास करने में जुटी है।

Back to top button