दिल्ली की कोरोना संक्रमित युवती से शादी के बाद ससुराल में फैला कोरोना, दूल्हा-दुल्हन समेत परिवारजन भी संक्रमण की चपेट में….

 शहर निवासी व्यवसाई की दिल्ली की युवती संग शादी हुई। घर में बधाइयों का सिलसिला जारी था। अचानक नव दंपति को जुकाम-बुखार आ गया। प्राइवेट लैब में जांच कराई। दूल्हा-दुल्हन पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद सास-ससुर सभी संक्रमित हो गए। पूरा परिवार अब अस्पताल में है।

मीराबाई मार्ग गौरी अपार्टमेंट निवासी युवक का हजरतगंज में व्यवसाय है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक युवक की दिल्ली की युवती संग रिश्ता तय हुआ। लड़की पक्ष ने लखनऊ आकर ही शादी का फैसला किया। दस दिन पहले दोनों का विवाह हुआ। पांच दिन बाद नव दंपति में जुकाम-बुखार की दिक्कत हुई। प्राइवेट पैथोलॉजी से जांच कराई। 28 जून को दूल्हा-दुुल्हन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद घर में युवक के पिता, माता, नानी, भाई-बहन समेत आठ लोगों की सैंपल सीएमओ की टीम ने लिए। बुधवार को आई रिपोर्ट में सभी आठ लोगों पॉजिटिव पाए गए। ऐसे में नवनवेली वधू समेत पूरा परिवार अस्पताल पहुंचा दिया गया है। दूल्हा दुल्हन लोकबंधु अस्पताल में भर्ती हैं। शेष मरीजों को भी विभिन्न अस्पताल में शिफ्ट किया गया।

मायके को फोन, बारातियों की लिस्ट पर संशय

ससुराल में सभी कोरोना पॉजिटिव मिलने पर बारात में शामिल लड़की पक्ष के लोगों को फोन कर दिया गया। उन्हें क्वारंटाइन रहने की सलाह दी गई। साथ ही लक्षण महसूस होने पर नजदीकी अस्पताल में परामर्श के लिए कहा गया है। वहीं सीएमओ की टीम की पूछताछ में शादी समारोह में लगभग 20 लोगों के ही शिरकत की जानकारी दी गई है। हालांकि बारातियों की संख्या को लेकर असमंजस बना हुआ है। वहीं शादी में शामिल लोगों में हड़कंप कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button