महाराष्ट्र में तबलीगी जमात के 11 सदस्य मजिस्द से रातोंरात भागे, पुलिस ढूंढती रह गई
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मरीज अब तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। देश में अब तक 71 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2590 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इधर, महाराष्ट्र में सबसे अधिक मामले आए हैं। पूरे प्रदेश में कोरोना के अब तक 490 केस सामने आ चुके हैं, जबकि 26 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं दिल्ली के निजामुद्दीन के मरकज से फैले कोरोना वायरस के बाद देशभर में अलर्ट जारी कर दिया है।
मरकज में देश के राज्यों के जमाती शामिल हुए थे। ऐसे में मस्जिद में ठहरने जमातियों की तलाश की जा रही है। इधर, महाराष्ट्र के पुणे जिले की शिरूर तहसील में पृथकता की मुहर लगे तब्लीगी जमात के 11 सदस्य एक मस्जिद से कथित रूप से भाग गए हैं। हालांकि इनमें कोई भी मरकज में शामिल होने नहीं गया था। पुलिस के मुताबिक मजिस्द से भागने वाले जमाती 22 फरवरी से पुणे जिले में थे। पुणे (ग्रामीण) के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे मूलरूप से राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा के रहने वाले हैं। उन 11 में से किसी ने भी निजामुद्दीन में हुए कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया था, लेकिन उन्हें एक अप्रैल को ऐहतियातन पृथक रहने के लिए मुहर लगाई गई थी। उन्होंने कहा कि वे 22 फरवरी को पुणे आए थे।
छह मार्च तक वे शहर के नाना पेठ इलाके में थे और उसके बाद शिरूर में एक मस्जिद में चले गए थे। अधिकारी ने कहा कि दिल्ली की घटना के बाद हमने उन 11 लोगों को मुहर लगाकर मस्जिद में पृथक रहने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि जिस दिन उन्हें मुहर लगाई गई उसी दिन वे सभी किसी तरह एक वाहन में बैठकर फरार हो गए। आज जब हमारे लोग जांच के लिए गए तो वे नहीं मिले। अधिकारी ने कहा कि उनके खिलाफ पृथकता नियम तोड़ने के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है और तलाशी शुरू कर दी गई है।





