UP के डिप्टी CM दिनेश शर्मा ने विधायक निधि से दिए डेढ़ करोड़ रुपए

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए अपनी विधायक निधि से डेढ़ करोड़ रुपये और अपने एक महीने का वेतन भत्तों सहित देने का ऐलान किया है। इसमें उन्होंने लखनऊ को एक करोड़ रुपये व आगरा रायबरेली को 25-25 लाख रुपये अपनी विधायक निधि से दिए हैं। उन्होंने अपने एक माह का वेतन भत्तों सहित कोरोना पीडितों के उपचार व संक्रमण से बचाव के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की भी घोषणा भी की है।
डा. शर्मा ने लखनऊ सहित अपने प्रभार वाले दो जिलों(आगरा व रायबरेली) के लिए धनराशि जारी करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी लखनऊ को पत्र भेज दिया है। इस धनराशि का इस्तेमाल कोरोना वायरस से आम लोगों के बचाव के लिए आवश्यक उपकरण व अन्य सामान खरीदने के लिए किया जाएगा। डा. शर्मा ने कहा कि आम जनमानस को कोरोना के संक्रमण से बचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है। सरकार कोरोना से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
सूबे में हर तरह की पुख्ता व्यवस्थाएं की गईं हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे घर पर ही रहें क्योंकि बचाव ही सुरक्षा का एक मात्र उपाय है। डॉ. शर्मा ने कहा कि लोगों को किसी किस्म की कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकार ने सूबे में डोर स्टेप डिलीवरी के तंत्र को काफी पुख्ता तरह से लागू किया है। आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं हैं। मैने स्वयं इसके लिए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से बात कर सामान की आपूर्ति बनाए रखने की अपील की थी। व्यापार मंडल ने भी इस संकट की घडी में पूर्ण सहयोग का वायदा किया है।

Back to top button