यूपी में 46 नए केस, कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर हुई 172

लखनऊ: देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश भी टॉप 5 राज्यों में शामिल हो गया है। अभी तक प्रदेश छठवें नंबर पर था। शुक्रवार को कोरोना जांच की रिपोर्ट ने राज्य में हड़कंप मचा दिया है। रिपोर्ट में 46 लोगों में कोरोना पॉजिटिव मिला है। इन नए मरीजों के साथ यूपी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 172 हो गई है। वहीं 14 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं और दो की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि जो मरीज पॉजिटिव आए हैं उनमें से 40 दिल्ली की तबलीगी जमात में शामिल होकर लौटे थे। लखनऊ में तो जिन मरीजों को कोरोना पॉजिटिव आया है वे सभी जमात से ही लौटे थे।
यूपी के हर जिले में लॉकडाउन चल रहा है, लोग घरों से बाहर निकलने में सतर्कता भी बरत रहे हैं लेकिन कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने की चुनौतियां कम नहीं हुई हैं। इसके अलावा, पड़ोसी दिल्‍ली और अन्‍य राज्‍यों से से यहां अपने गांव लौटे करीब डेढ़ लाख लोगों ने भी यूपी सरकार के माथे पर बल ला दिया था। सरकार इनसे निपट ही रही थी कि दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तबलीगी जमात में शामिल होकर यूपी आए लोगों ने सरकार की परेशानी बढ़ा दी। 46 मरीजों में से 40 अकेले जमाती ही हैं।
केजीएमयू के आइसोलेशन वॉर्ड के इंचार्ज डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि उनके यहां 34 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बाकी 12 की जांच अन्य जगहों पर हुई है। छह लोग कानपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं, जिन्हें कोरोना पॉजिटिव आया है। आठ आगरा मेडिकल कॉलेज में, 12 लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में, चार आजमगढ़ में, एक प्रतापगढ़ में, दो हरदोई में और एक शाहजहांपुर में भर्ती है।

Back to top button