कोरोना का असर : रामनवमी में बदल गया कन्यापूजन का तरीका, घरों में पूजा हुई पर नहीं हुआ कन्या पूजन

लखनऊ : कोरोना वायरस संक्रमण के चलते हुए लॉकडाउन ने राम नवमी का विधान ही बदल दिया है। दरअसल, नवरात्र में मां की उपासना करने वाले शक्ति के उपासक हर बार कन्यापूजन व हवन के बाद व्रत पारण करते हैं। मगर इस बार घरों में हवन तो हुए, लेकिन अधिकांश लोगों ने कन्यापूजन इस बार नहीं किया। कई ऐसे लोग हैं जो कन्यापूजन में दिया जाने वाला दान मानवसेवा और जीवसेवा के लिए प्रदान किया।
बहुत से लोगों ने कंट्रोल रूम में फोन करके कन्यापूज के पैसा और खाना जरूरतमंदों को देने के लिए कहा। ऐसे लोगों के यहां टीम भेजी गई और सामान एकत्र किया गया। जिसे जरूरतमंदों को दे दिया गया।
लोकसेवा भी देवी पूजन से कम नहीं : लखनऊ के रकाबगंज में रहने वाली पुष्पा कहती हैं कि इस मुश्किल समय में लोगों की सेवा ही देवीपूजन है। उनके परिवार ने इस बार कन्यापूजन की जगह जरूरतमंदों तक भोजन व अन्य सामग्री पहुंचाई।
नरही निवासी ज्योति गुप्ता ने बताया कि वह कन्यापूजन की जगह इस बार प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करेंगी। इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि इस कठिन समय में आसपास कोई भूखा न सोए। इस सोच से देवी भी प्रसन्न होंगी। गोमतीनगर निवासी राखी ने बताया कि लॉकडाउन के कारण सड़क पर तमाम जानवर भूखे-प्यासे घूम रहे हैं और इन्हें भी मदद की जरूरत है। वह कहती हैं कि यह मातारानी का इशारा है कि इस बार नवरात्र के 9 दिन इन सभी की सेवा में गुजरे हैं।

Back to top button