योगी सरकार पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- झूठे वादे करके सत्ता में आये

समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में अब इलेक्शन मोड में है। विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर बेहद गंभीर समाजवादी पार्टी अब भाजपा पर हमला बोलने का कोई भी मौका नहीं चूकती है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में तय किया गया है कि अप्रैल की 22 तारीख से समाजवादी पार्टी हर महीने योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ 22 मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करेगी।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में एक निजी टीवी चैनल के कार्यक्रम में कहा कि समाजवादी पार्टी वसूली पोस्टरों का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि हम तो प्रदेश में काम कर रहे थे और आगे भी काम करते रहेंगे। भाजपा तो झूठे वादे करते सत्ता में आ गई है, अब जनता उनको दोबारा मौका नहीं देगी। अखिलेश यादव ने कहा कि हम काम करते हैं और भाजपा श्मशान और कब्रिस्तान करती है। लोगों को लड़ाने का काम करने वाली पार्टी को सत्ता में दोबारा आने का मौका नहीं मिलेगा। उनको भरोसा है कि 2022 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार आएगी। अखिलेश का दावा है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा 351 सीटें जीतेगी।

यह भी पढ़ें: अब दिल्ली सरकार सड़कों पर लगाएंगी वॉश बेसिन और जिम-नाइट क्लब-स्पा बंद करने का दिया आदेश…

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में न तो कोई विकास हुआ औ न ही कोई निवेश हुआ। सरकार ने किसान और बेरोजगारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार का स्मार्ट सिटी बनाने का दावा है और हर जगह पर सांड घूम रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ बताएं कि राज्य में कितनी स्मार्ट सिटीज हैं। सड़कों पर कूड़ा पड़ा है, हर शहर में सांड घूम रहे हैं। शौचालय बनाए, लेकिन कब दीवार गिर जाएगी पता नहीं। शौचालय में पानी भी नहीं है। बिना पानी के कैसे शौचालय जाएंगे। प्रदेश में गंगा नदी कितनी साफ हुई, योगी आदित्यनाथ सरकार को इसका जवाब देना पड़ेगा।

अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार लोगों को सिर्फ झूठे सपने दिखा रही है। यहां किसानों की हालत खराब है। केंद्र के साथ उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इसके बाद भी राज्य में विकास नहीं हो रहा है। निवेश के लिए और विकास के लिए रात दिन काम करना पड़ता है। मैं पूछना चाहता हूं कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने बजट में सोलर एनर्जी के लिए कितना बजट रखा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उपचुनाव में भाजपा की बड़ी हार हुई थी। भाजपा अपने संकल्प पत्र को भूल गई। हर वर्ग भाजपा की इस सरकार से नाराज है। दो वर्ष बाकी हैं, इसी कारण योगी आदित्यनाथ सरकार सिर्फ एएमयू साइन कर रही है। इनका जमीन पर कोई काम नहीं दिख रहा है। यूपी में निवेश नहीं आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button