‘रेनकोट पहनकर नहाने’ वाले बयान पर बोले अमित शाह, मोदी कुछ भी नहीं बोले गलत!

राज्यसभा में मोदी के ‘रेनकोट’ वाले बयान पर हंगामा मचने के बाद मोदी तो खामोश रहे लेकिन बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने इस पलटवार किया है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि मनमोहन सिंह को रेनकोट पहनकर नहाने की कला आती थी। उनका इशारा यूपीए सरकार में हुए घोटालों में परोक्ष तौर पर मनमोहन की भूमिका की तरफ था। इस बयान के बाद कांग्रेस ने सदन से वाकआऊट कर दिया था।

गुरुवार को सदन के दोनों सत्र इसी मामले में हंगामे की भेंट चढ़ गए। कांग्रेस ने कहा कि जब तक प्रधानमंत्री सदन में माफी नहीं मांगते तब तक कांग्रेस उन्हें सदन में नहीं सुनेगी। इस बारे में मोदी की तो कोई प्रतिक्रया नहीं आई पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने इस पर पलटवार किया।
उत्तराखंड के नई टिहरी में आयोजित जनसभा में शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कुछ भी गलत नहीं कहा। उन्होंने पूर्व पीएम मनमोहन पर निशाना साधा और कहा कि मनमोहन के कार्यकाल में कई घोटाले हुए लेकिन उन्होंने और कांग्रेस ने सभी घोटालों से पल्ला झाड़ लिया।
शाह ने कहा, ‘मोदी ने संसद में मनमोहन पर ऐसा क्या बुरा कह दिया? यूपीए शासन में हुए घोटालों की जिम्मेदारी मनमोहन सिंह की ही है। मनमोहन सिंह के कार्यकाल में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले हुए। 2जी, आदर्श जैसे घोटाले हुए। इन सबकी जिम्मेदारी मनमोहन और कांग्रेस पार्टी की है।’





