देखिए कैसे चहल के सामने इंग्लैंड हुआ फेल

भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने बुधवार को बेंगलुरू में तीसरे टी20 मैच में अपनी चमत्कारिक गेंदबाजी से इंग्लैंड की बल्लेबाजी को ध्वस्त किया और भारत ने यह मैच 75 रनों से जीता। चहल के इस प्रदर्शन के बूते मिली जीत से भारत ने तीन मैचों की सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया।

चहल ने 25 रनों पर 6 विकेट लिए और एक समय मजबूत नजर आ रही इंग्लैंड की पारी 16.3 ओवरों में 127 पर सिमट गई। अंगरेजों ने 8 रनों के अंदर अंतिम 8 विकेट गंवा दिए। चहल ने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर इतिहास रचा।

चहल के फैंस जो इस मैच को नहीं देख पाए थे उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है क्योंकि चहल ने अपने ट्विाटर अकाउंट पर एक वीडियो रिट्वी ट किया जिसमें उनके द्वारा लिए गए सभी 6 विकेट देखने को मिलेंगे। इस 1.02 मिनट के वीडियो को देखकर मैच से जुड़ी यादें ताजा हो जाएंगी।

चहल ने इस मुकाबले में सैम बिलिंग्स (0) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई थी। इसके बाद इयोन मॉर्गन (40) और जो रूट (42) इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में ले जाते ‍दिख रहे थे तभी चहल ने 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर मॉर्गन और अगली गेंद पर रूट को आउट कर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया।

चहल ने इसके बाद अपने अगले तथा पारी के 16वें ओवर में 3 विकेट लेकर अपनी टीम की जीत पक्की कर दी। उन्होंने इस ओवर में पहली गेंद पर मोईन अली (2), चौथी गेंद पर बेन स्टोक्स (6) और अंतिम गेंद पर क्रिस जॉर्डन (0) का शिकार किया।

Back to top button