दिल्ली में ठंठ ने तोड़ा 22 का रिकॉर्ड, दिन का पारा औसत से 10 डिग्री नीचे

दिल्ली-एनसीआर में अक्सर सीवियर प्रदूषण की स्थिति बनी रहती है, लेकिन सोमवार को सीवियर कोल्ड डे रहा। दिन का औसत तापमान एक-दो डिग्री नहीं बल्कि 10 डिग्री नीचे 12.9 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का तापमान दिसंबर के महीने में 28 दिसंबर, 1997 को 11.3 डिग्री और 25 दिसंबर, 2003 को 12.3 डिग्री तक भी गिरा है। लेकिन ये दोनों तापमान औसत से 9 डिग्री नीचे थे। जबकि सोमवार 16 दिसंबर 2019 का दिन का तापमान औसत से 10 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जो अपनी तरह का नया रिकार्ड है।

वहीं रात का तापमान 9.8 दर्ज किया गया। दिल्ली के डीयू, मंगेशपुर, नजफगढ़ और पूसा में तो दिन का तापमान 12 डिग्री से थोड़ा नीचे ही रहा। इतना ही नहीं दिन में अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री के बीच महज 2.7 डिग्री के अंदर रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब कभी दोनों तापमान के बीच का अंतर सर्दी के दिनों में कम होता है तो ठंड अधिक महसूस होती है। मौसम वेबसाइट स्काईमेट के वैज्ञानिक महेश पलावत ने भास्कर से कहा कि सिर्फ दिल्ली-एनसीआर ही नहीं, उत्तर पश्चिम भारत के सभी मैदानी इलाकों में दिन की सर्दी का यही हाल है। ना सिर्फ तापमान बहुत नीचे रहा, बल्कि ठंडी हवा के कारण सर्दी का अहसास उससे भी ज्यादा किया गया। दिसंबर के महीने में 28 दिसंबर, 1997 को दिन का तापमान था11.3 डिग्री
यह भी पढ़ें: लालू परिवार पर फिर मुसीबत, बहू ऐश्वर्या के उत्पीडऩ में राबड़ी-तेज को हो सकती है जेल
दिन क्यों हो गया इतना सर्द
मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस छंटने से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड की तरफ से ठंडी उत्तर पश्चिम हवा आ रही है। फिर दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में सुबह घना कोहरा रहा। इसकी वजह से आसमान में 500-800 तक में ही बादल बन गए और सूरज की गर्मी धरती तक नहीं पहुंची। यही वजह है कि अधिकतम तापमान औसत से 10 डिग्री नीचे दर्ज हुआ। हालांकि वो कहते हैं कि दिसंबर के महीने में ऐसा कई बार हो जाता है।
और दो दिन इसी तरह सर्द, फिर 21-22 को बारिश
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन 14-15 डिग्री यानी औसत से करीब 7-8 डिग्री नीचे दिन का तापमान रहेगा। इससे सीवियर कोल्ड डे यानी सर्द दिन बना रहेगा। सुबह के समय 500 मीटर तक दृश्यता गिराने वाला कोहरा भी रहेगा। रात के तापमान में गिरावट आएगी और 17-19 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज होगा। 19 दिसंबर से दिन के तापमान में वृद्धि होगी और 18-20 डिग्री के बीच दर्ज होगा। वहीं 21-22 दिसंबर को मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है।





