नागरिकता बिल को लेकर भाजपा ने किया ये… दावा राज्यसभा में पूर्ण बहुमत से होगा पारित

गृह मंत्री अमित शाह आज दोपहर 12 बजे नागरिकता संशोधन बिल राज्यसभा में पेश करेंगे। इस बीच लोकसभा में बिल का समर्थन करने वाली शिवसेना के यूटर्न और जदयू में खटपट के बाद हालांकि विपक्ष का हौसला बढ़ा है, मगर इसके बावजूद संख्या बल सरकार के साथ है।

भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी ने दावा किया कि नागरिकता संशोधन विधेयक आज दोपहर 12 बजे राज्यसभा में चर्चा के लिए पेश किया जाएगा और यह पूर्ण बहुमत से पारित होगा।भाजपा संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नागरिकता विधेयक पर कुछ दल पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। इसके जरिए लाखों लोगों की जिंदगी में बदलाव आएगा। संसदीय कार्यमंत्री ने बैठक के बाद बताया कि पीएम मोदी ने इस विधेयक को ऐतिहासिक कहा है। नागरिकता विधेयक स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा, इससे धार्मिक उत्पीड़न से भागकर आए लोगों को स्थायी राहत मिलेगी।
पीएम मोदी ने भाजपा सांसदों से आगामी बजट पर समाज के सभी वर्गों से नीतियों पर प्रतिक्रिया लेने और उसे वित्त मंत्री के साथ साझा करने के लिए भी कहा।नागरिकता संशोधन विधेयक को मोदी सरकार आज राज्यसभा में पेश करेगी। संसद के उच्च सदन में इस बिल को पास कराने के लिए सरकार पूरा दमखम लगा रही है। राज्यसभा में रणनीति को लेकर भाजपा संसदीय दल की बैठक भी हो रही है। जिसमें शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ सांसद पहुंच चुके हैं।





