10-15 हजार लोगों की भीड़ से कैसे चुनाव जीतेंगे: अमित शाह

झारखंड विधानसभा चुनाव सिर पर है. बीजेपी ने चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह लगातार राज्य में रैलियां कर रहे हैं. इस बीच कल अमित शाह ने चतरा में एक रैली को संबोधित किया. इस रैली में कम भीड़ देखकर अमित शाह ने कहा, ‘’10-15 हजार लोगों की भीड़ से कैसे चुनाव जीतेंगे? आप सभी अपने फोन से 25-25 लोगों को फोन करो और बीजेपी के लिए वोट देने की अपील करो.’

अमित शाह ने चतरा में आयोजित जनसभा में पार्टी कार्यकर्ताओं कोजहां कम भीड़ के लिए टोका, वहीं उन्होंने जीत का फॉर्मूला भी बताया. अमित शाह ने रैली में आए लोगों से 25-25 लोगों को फोन कर कमल पर वोट डालने के लिए अपील करने को कहा. अमित शाह ने कहा, “इतनी भीड़ से चुनाव कैसे जीत पाएंगे. आप मुझे बेवकूफ मत बनाओ, मैं भी बनिया हूं. गणित मुझे भी आती है. यहां से घर जाकर 25-25 लोगों को फोन करें और बीजेपी को वोट देने की अपील करें.”

दरअसल अमित शाह 25-25 लोगों के जरिए कार्यकर्ताओं को पार्टी के लिए व्यापक जनसंपर्क की नसीहत दे रहे थे. अमित शाह पार्टी की कई बैठकों में पदाधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करने का सुझाव देते रहे हैं.  शाह ने रैली में कांग्रेस और झामुमो के साथ मिलकर चुनाव लड़ने पर भी निशाना साधा.

Back to top button