महाराष्ट्र में इन नौ में से इन्हें…बनाया जा सकता है प्रोटेम स्पीकर

महाराष्ट्र में जारी सियासी ड्रामे पर सुनवाई करते हुए उच्चतम न्यायालय ने बहुधवार शाम को पांच बजे तक बहुमत परीक्षण कराने का आदेश दिया है। अदालत ने कहा है कि पहले प्रोटेम स्पीकर का चुनाव हो जो विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद सदन में शक्ति परीक्षण होगा।

इन्हें बनाया जा सकता है प्रोटेम स्पीकर

महाराष्ट्र में सबसे वरिष्ठ विधायक को प्रोटेम स्पीकर बनाया जाएगा। कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष बालासाबेह थोराट आठ बार के विधायक हैं। वह अहमदनगर जिले के संगमनेर से आठवीं बार चुनकर विधानसभा पहुंचे हैं। उनके प्रोटेम स्पीकर बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है। उनके बाद सात बार के विधायक- अजित पवार, जयंत पाटिल और दिलीप वाल्से-पाटिल हैं।

अजित पवार इस समय एनसीपी से बगावत करके भाजपा के साथ हैं और राज्य के उप-मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले चुके हैं। इसलिए वह प्रोटेम स्पीकर नहीं बन सकते। जयंत पाटिल एनसीपी के विधायक दल के नए नेता चुने गए हैं। उन्हें इसकी जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके बाद भाजपा के बबनराव पचपुटे और कालीदास कोलांबकर का नंबर आता है। दोनों ही सात बार के विधायक हैं। इसके अलावा कांग्रेस के केसी पड़वी भी सात बार के विधायक हैं।

इसके बाद भाजपा के राधाकृष्ण विखे पाटिल और हरिभाउ बगाडे का नाम आता है जो छह बार के विधायक हैं। उनके अलावा एनसीपी के छगन भुजबल भी छह बार के विधायक हैं। दिलीप वाल्से और बगाडे 12वीं और 13वीं विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। विधानसभा सचिवालय राज्यपाल के पास कुछ नामों का सुझाव भेजेगी जिसमें से वह किसी एक का चुनाव करेंगे। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा कि राज्यपाल पचपुटे या बगाडे में से किसी को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त कर सकते हैं।

Back to top button