उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा- जनता ने भाजपा को नकारा, अब हमारी जिम्मेदारी बढ़ी

नगर निकाय के पहले चरण में मिले परिणामों के बाद उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि जनता ने भाजपा को नकार दिया है और कांग्रेस को ऐतिहासिक जीत मिली है। इसके लिए उन्होंने जनता का आभार जताया है। राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन मंगलवार को उदयपुर आए थे। जहां से वह फालना के लिए रवाना हो गए थे। इस बीच उन्होंने महाराणा प्रताप हवाई अड्डे पर कांग्रेस के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के अलावा मीडियाकर्मियों से भी मुलाकात की।

सचिन ने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के शासन पर विश्वास जताया है और हमारी जिम्मेदारी जनता के लिए बेहतर से बेहतर काम करने की है। हालांकि भाजपा ने झूठा प्रचार कर कांग्रेस को हराने की पूरी चेष्टा की थी। पायलट ने कहा कि प्रदेश में पहले चरण की 49 नगर निकाय में से 22 में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर चुकी है। जो यह स्पष्ट करती है जनता प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार की कड़ी से कड़ी में मिलाना चाह रही थी।

उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को भ्रमित करने में नाकाम रही और यह जाहिर करता है कि भाजपा के कुशासन से जनता त्रस्त हो चुकी थी। भाजपा ने भावनात्मक मुद्दे उठाकर जनता को बरगलाने की पुरजोर कोशिश की थी, लेकिन जनता ने उन्हें धता बता दिया। उदयपुर नगर निगम के परिणामों को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यहां पहली बार बड़े स्तर पर जीत हासिल की है। हालांकि, यहां वह बोर्ड बनाने में सफल नहीं हो पाई। फिर भी राज्य सरकार उदयपुर के विकास के लिए पूरा काम करेगी। यहां के पर्यटन क्षेत्रों के विकास के लिए काम शुरू किए जाएंगे।

Back to top button