देवास से इंदौर जा रही बाणेश्वरी ग्रुप की महाकाल बस अचानक टायर फटने से हो गई दुर्घटनाग्रस्त

देवास से इंदौर जा रही बाणेश्वरी ग्रुप की महाकाल बस अचानक टायर फटने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 12 यात्री घायल हो गए। यह भी बताया जा रहा है कि सामने से जा रही एक बाइक को बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने बस को घुमाया और वह डिवाइडर पर चढ़ गई इसी दौरान उसका टायर पंक्चर हो गया। बस में सवार यात्री इंदौर के खजराना स्थित परिजन के यहां मैयत में जा रहे थे। हादसे के बाद बस में बैठे यात्री बुरी तरह घबरा गए थे, रास्ते से गुजर रहे लोगों ने उन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

खंडवा में रोड से नीचे उतरा टैंकर, फिर लगी आग

खंडवा में इंदौर-इच्छापुर राजमार्ग पर बुधवार अलसुबह बोरगांव के निकट कटी घाटी के पास एक टैंकर अनियंत्रित होकर रोड से नीचे उतरकर पलट गया। टैंकर में तेल भरा होने से उसमें आग लग गई। घटना में टैंकर का ड्राइवर भी झुलस गया। सूचना मिलने के बाद बोरगांव पुलिस ने मौके पर पहुंची और घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया।

शिवपुरी में दो ट्रकों में टक्कर

शिवुरी में ग्वालियर एबी रोड पर खूबत घाटी में दो ट्रकों में जोरदार भिड़त हो गई। बुधवार अलसुबह 4 बजे हुई इस घटना में ट्रक में सवार 5 लोग घायल हो गए। एक गंभीर रूप से घायल हो ग्वालियर रेफर किया गया है। एक ट्रक में चना भरा हुआ था और दूसरे में भैंस भरी थीं। टक्कर में चार भैसों की मौत भी हो गई। घटना के बाद रास्ते पर जाम लग गया था, जिसे बड़ी मशक्कत के बाद खुलावाया गया।

Back to top button