भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा पहली बार पहुंचे पटना…

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद आज पहली बार जेपी नड्डा बिहार की राजधानी पटना पहुंचे । नड्डा ने पटना के बापू सभागार में बीजेपी के कद्दावर नेता कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि पर कैलाशपति मिश्र न्यास समिति की तरफ से आयोजित पुण्यतिथि समारोह में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्रा जी नींव के पत्थर हैं। उन्होंने समाज के हर वर्ग को जोड़ा था। पिछड़े वर्ग की लड़ाई को कैलाश जी ने लड़ा वो आरक्षण के लिए चट्टान बनकर डटे रहे थे।उन्होंने कहा कि बिहार के दरभंगा जिले में हर हाल में एम्स अस्पताल बनकर रहेगा।
पाकिस्तान से लड़ने के लिए किसी अभिनंदन को नहीं जाना पड़ेगा
जेपी नड्डा ने कहा कि राजनीति में तीन तरह के लोग आते हैं। कोई बाइचांस आता है, कोई बाई च्वाइस आता है, तो कोई बाइ एक्सीडेंट आता है। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक समरसता के साथ कई फैसले लिए हैं।
अगर आज सैन्य शक्ति की बात करें तो 36 राफेल भारत के पास हैं 28 अपाची हेलीकॉप्टर भारत के पास हैं। भारत अब बुलेटप्रूफ जैकेट दूसरे देशों को दे रहा है। इस तरह अब किसी अभिनन्दन को पाकिस्तान लड़ने नहीं जाना होगा, अब हम भारत से ही पाकिस्तान के छक्के छुड़ा देंगे।
पटना पहुंचने पर नड्डा का हुआ भव्य स्वागत
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वागत के लिए आज सुबह से ही पटना एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं की भीड़ लगी रही। पटना पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी समेत कई नेता नड्डा के स्वागत के लिए पटना एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।
कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि में शामिल हुए हैं नड्डा
पटना पहुंचने के बाद वे पटना के बापू सभागार पहुंचे जहां उन्होंने बिहार भाजपा के संस्थापक कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
कहा जा रहा है कि इस कार्यक्रम के बहाने पार्टी मिशन-2020 की तैयारी में जुट गई है। भाजपा के इस मिशन का आगाज मंगलवार को पटना में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। पार्टी ने बाबू सभागार में कार्यक्रम की भव्य तैयारी की है। भाजपा ने नड्डा की आगवानी में राजधानी को भगवा झंडा, होर्डिंग, पोस्टर और बैनर से पाट दिया है।
विधानसभा की चुनावी तैयारियों का लेंगे जायजा
दरअसल, बिहार में विधानसभा चुनाव भले ही 2020 के आखिर में होने हैं, लेकिन बिहार भाजपा ने इसकी तैयारी वर्ष भर पहले ही शुरू कर दी है। मौका भले ही पुण्यतिथि समारोह का है, लेकिन भाजपा का मकसद कार्यक्रम के जरिए अपने संगठन को चुनाव के लिए सक्रिय करना है।
पार्टी ने इसी उद्देश्य से मंडल स्तर तक पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को पटना बुलाया है। अहम यह है कि केंद्र और राज्य सरकार में शामिल पार्टी के मंत्रियों, सांसद, विधायक से लेकर पूर्व विधायक और विधान पार्षदों को कार्यकर्ताओं को पटना लाने की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यकर्ताओं को संगठन का पाठ पढ़ाएंगे नड्डा
पुण्यतिथि कार्यक्रम में जेपी नड्डा कैलाशपति मिश्र को याद करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन का पाठ पढ़ा रहे हैं। कार्यकारी अध्यक्ष का मकसद पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच नई उर्जा का संचार करना है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार नड्डा बिहार भाजपा के बड़े नेताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनाव संबंधित ब्लूप्रिंट पर भी चर्चा करेंगे।
जेपी नड्डा पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को यह बताएंगे कि बिहार में गठबंधन होने के बावजूद सभी 243 विधानसभा सीटों पर पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनाव की तैयारी करे। बूथ लेवल से लेकर ऊपर तक कैसे कॉर्डिनेशन स्थापित किया जाए इस पर भी नड्डा नेताओं को टिप्स देंगे।
वरिष्ठ नेताओं ने लिया जायजा
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सोमवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ स्वागत समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। नड्डा के साथ बिहार भाजपा के प्रभारी व पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव भी पटना आ रहे हैं।
एक नजर में कार्यक्रम
नड्डा पुण्यतिथि कार्यक्रम में भाग लेंगे बाद पार्टी संगठन के कई बैठकों में भी शिरकत करेंगे। सुबह 11 बजे पटना एयरपोर्ट पर नड्डा का आगमन है। एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद पार्टी नेता बाइक रैली से आगवानी कर उन्हें बापू सभागार लाएंगे। 12 बजे पुण्यतिथि कार्यक्रम में पहुंचेंगे जबकि दो बजे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
3.45 बजे बिहार भाजपा की कोर कमेटी की बैठक लेंगे। कोर कमेटी की बैठक के बाद बिहार भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे। शाम पांच बजे बिहार भाजपा विधान मंडल दल की बैठक में भाग लेंगे। शाम 6.45 बजे बिहार भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में भाग लेंगे। नौ बजे दिल्ली वापस लौट जाएंगे। पार्टी ने पुण्यतिथि समारोह में आने वाले कार्यकर्ताओं के गाडिय़ों की पार्किंग की व्यवस्था गांधी मैदान में की हैं।





