बिंदकी कस्बे के ललौली रोड स्थित बैंक आफ बड़ौदा धनतेरस पर लुटने से बची, वारदात CCTV में मुंह बांधे कैद हुए चोर

बिंदकी कस्बे के ललौली रोड स्थित बैंक आफ बड़ौदा धनतेरस पर लुटने से बच गई। बैंक के अंदर खिड़की तोड़कर घुसे नकाबपोश चोरों ने पहले स्ट्रांग रूम तोड़ा फिर तिजोरी की दीवार भी तोड़ी लेकिन वह लॉकर नहीं तोड़ पाए। सुबह बैंक खुलने पर जानकारी हुई तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
आनन फानन पहुंची पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाकर छानबीन कर रही है। बैंक के सीसीटीवी कैमरे में जो फुटेज चोरों की दिखी है, उसमें सभी ने अपना मुंह बांध रखा है। शाखा प्रबंधक विश्वजीत मोइत्रा ने बताया चोर लाकर तोड़ नहीं पाए हैं। इसलिए वह कुछ भी नहीं ले जा सके। बस दीवार को क्षति पहुंचाई है। मौके पर कोतवाली प्रभरी नंदलाल सिंह ने पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।





