प्रदेश अध्यक्ष की जनसभा के दौरान भोगनीपुर भाजपा MLA की एक लाख की जेब कटी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जनसभा के दौरान भोगनीपुर भाजपा विधायक की जेब से एक लाख रुपये पार हो गए। उनके साथी की जेब से 21 हजार 500 रुपये निकल गए। विधायक ने रसूलाबाद थाने में अज्ञात जेबकतरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस जेबकतरों की पहचान के लिए जनसभा के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किए हैं।

19 अक्टूबर को रसूलाबाद के लालू बाजार में गांधी संकल्प यात्रा का समापन कार्यक्रम था। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह आए थे। भोगनीपुर विधायक विनोद कटियार ने बताया कि मंच से उतरते समय किसी ने जेब में रखे एक लाख रुपये निकाल लिए। घर पहुंचने पर इसकी जानकारी हुई। साथ चल रहे संदीप सचान की जेब से भी किसी ने 21 हजार 500 रुपये पार कर दिये। सोमवार शाम रसूलाबाद थाने पहुंचकर उन्होंने तहरीर दी। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि जनसभा में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जेबकतरों की तलाश की जा रही है।

Back to top button