ट्राला में लाए जा रहे करीब 20 लाख रुपये के प्याज की लूट, ट्राला चालक को गोली मारी….

प्याज की आसमान छूती कीमतों के कारण इसकी लूट भी होने लगी है। यहां नासिक से ट्राला में लाए जा रहे करीब 20 लाख रुपये के प्याज को लूटने के लिए तीन लोगों ने इसके चालक की हत्या कर दी। ये लोग ट्राला से प्याज ले जाने के लिए एक खाली ट्रक लेकर भी आए थे। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना बठिंडा के नरूआणा मार्ग पर हुई। वादरात के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए। वह प्याज लूटने की मंशा से एक खाली ट्रक में सवार होकर आए थे। पुलिस ने ट्राला मालिक जिला बरनाला के गांव हंडिया निवासी बिंदर सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
लूट की नियत से खाली ट्रक में सवार होकर आए हमलावर वारदात के बाद हुए फरार, केस दर्ज
बिंदर सिंह के अनुसार वह अपने ड्राइवर राजस्थान के श्रीगंगानगर निवासी बनवारी लाल के साथ नासिक से प्याज लेकर आ रहा था। घटना से पहले उन्होंने एक ढाबे पर चाय पी। इसके बाद बनवारी ट्राला चला रहा था और वह खुद सो गया। वह थोड़ी दूर ही गए थे कि एक खाली ट्रक में सवार होकर आए तीन हमलावरों ने उनके ट्राले को बीच रास्ते में रुकवा लिया और बनवारी को नीचे उतरने के लिए कहा। बनवारी ने जैसे ही ट्राले का शीशा खोला तो हमलावरों ने उसकी छाती में गोली मार दी।.jpg)
बिंदर के अनुसार इसके बाद उसने खुद स्टेयरिंग संभाला और ट्राले को वहां से भगा लिया। इसी बीच पुलिस कंट्रोल रूम और 108 नंबर एंबुलेंस को सूचना दी। वह अस्पताल की तरफ जा रहा था कि बीच रास्ते में उसे एंबुलेंस मिल गई। बनवारी को एंबुलेंस से बठिंडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया।
उधर मामले के जांच अधिकारी थाना कैनाल कालोनी प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार ने कहा कि घटना की जांच जारी है। जांच की जा रही है कि हत्या लूट की मंशा से हुई या इसके पीछे कुछ और कारण हैैं। हमलावरों पर केस दर्ज कर लिया गया है और बनवारी के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।





