मतदान से पहले पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नापेंगे पूरे राज्य को

अपने दिल में ‘मैं हूं मनोहर’ का भाव लिए पांच हजार भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर घर में दस्तक देनी शुरू कर दी है। इसलिए अपने चुनाव प्रचार से निश्चिंत मुख्यमंत्री मनोहर लाल पूरे प्रदेश में जनसभाएं करने में जुट गए हैं। रही बात करनाल की तो हरियाणा भाजपा ने यहांं आक्रामक प्रचार की रणनीति अपनाई है। मिशन-75 पार के लक्ष्य हासिल करने के लिए मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पूरा हरियाणा नापेंगे। प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश में चार बड़ी रैलियां करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की 12-12 रैलियां कराने की योजना है।
हरियाणा भाजपा ने मोदी से मांगा रैलियों के लिए समय, शाह की जनसभाओं के साथ ही होगा रोड शो भी
भाजपा ने चुनावी रण जीतने के लिए 18 केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की ड्यूटी लगाई है जो चुनाव प्रचार की अवधि खत्म होने से पहले पूरा प्रदेश नापेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैलियों और रोड-शो का शेड्यूल इस तरह बनाया गया है कि जिससे प्रदेश के हर कोने को कवर किया जा सके। अहीरवाल, जाट बहुल क्षेत्रों, जीटी रोड बेल्ट और पश्चिम हरियाणा में प्रधानमंत्री मोदी की रैलियां रखी गई हैं जिससे सभी 90 विधानसभा सीटों को कवर किया जा सकेगा।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अलग-अलग दर्जनभर बड़ी रैलियां करेंगे ताकि माहौल को अपने पक्ष में भुनाया जा सके। चुनावी किला फतेह करने के लिए मोदी कैबिनेट के डेढ़ दर्जन मंत्रियों को प्रचार अभियान में उतारा गया है।
‘मैं हूं मनोहर’ के स्लोगन संग पांच हजार भाजपा कार्यकर्ताओं हर घर में देंगे दस्तक
चुनावी रणनीति में सिर्फ केंद्रीय नेतृत्व ही विधानसभा चुनाव की बागडोर अपने हाथ में नहीं लेगा, बल्कि भाजपा शासित सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी हरियाणा के अलग-अलग जिलों में डेरा डालेंगे। जातिगत समीकरणों के लिहाज से प्रदेश में दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई है। इससे हर वर्ग के वोटरों को साधा जा सकेगा। वहीं, चुनाव में मुख्यमंत्री मनोहर लाल को चेहरा बनाकर मैदान में उतरी भाजपा ने ‘मनो’ को खुला मैदान दे रखा है। विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामांकन के लिए जिस तरह केंद्रीय मंत्री हरियाणा पहुंचे, उससे साफ है कि भाजपा चुनावी कैंपेन में कोई ढिलाई नहीं बरतेगी।
फिल्मी सितारों और खेल हस्तियों के जरिये युवा वोट बैंक को साधेगी भाजपा
चुनाव प्रचार की आक्रामक रणनीति के तहत कई फिल्मी सितारों के अलावा खेल जगत से जुड़ी हस्तियों को भी प्रचार के लिए मैदान में उतारा जाएगा। ओलंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त और बबीता फौगाट तथा भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह से जुड़े करीब दर्जन भर बड़े खिलाड़ी भाजपा के लिए प्रचार करते नजर आएंगे। चुनाव लड़ रहे तीनों खिलाडिय़ों को अपने हलकों के अलावा दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में भी बुलाया जाएगा जिससे युवा वोट बैंक का धु्रवीकरण करने में आसानी होगी। इसके अलावा हरियाणवी डांसर व गायिक सपना चौधरी सहित बॉलीवुड के कुछ सितारे भाजपा के लिए प्रचार करेंगे।
दशहरे के अगले दिन चार ‘शाही’ रैलियां
दशहरे से अगले ही दिन नौ अक्टूबर को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह चार बड़ी रैलियां करेंगे। शाह की रैलियों की शुरुआत चौटाला के प्रभाव वाले विधानसभा क्षेत्र डबवाली से होगी जहां भाजपा के आदित्य चौटाला चुनाव मैदान में हैं। इसके बाद शाह हिसार संसदीय क्षेत्र के उकलाना, भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के लोहारू और रोहतक संसदीय क्षेत्र के महम हलके में बड़ी रैलियां करेंगे। शाह का रात्रि प्रवास अगर रोहतक में हुआ तो रात में बड़ा रोड शो किया जाएगा।





