केजरीवाल ने डेंगू के खिलाफ अभियान के तहत विद्यालय में बच्चों को किया संबोधित…

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind kejriwal) ने डेंगू के खिलाफ अभियान के तहत मंगलवार को कालकाजी स्थित सर्वोदय विद्यालय में बच्चों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को 15 अक्टूबर तक प्रत्येक रविवार को 10 बजे 10 मिनट खुद के घर व आस पास के घरों में जाकर सफाई करने के लिए प्रेरित करते हुए शपथ दिलाई।
बच्चों के जुड़ने से सफल होगा अभियान
उन्होंने कहा कि जिस अभियान से बच्चे जुड़ जाते हैं उस अभियान को सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। डेंगू के खिलाफ अभियान में सोमवार को दिल्ली के करीब ढाई हजार स्कूलों के बच्चों को जोड़ा गया है। अभियान से बच्चों के जुड़ने पर उन्होंने खुशी जताई।
डेंगू के बाद प्रदूषण कम करने का उपाय निकालेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में डेंगू के बाद अगला वार प्रदूषण पर किया जाएगा। इसके लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। ऑडिटोरियम में बच्चों को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल स्कूल में ग्राउंड फ्लोर के सभी क्लास रूम में गए और बच्चों को डेंगू के खिलाफ अभियान के तहत सफाई के लिए जागरूक किया।
सरकार चला रही डेगू के खिलाफ महाअभियान
बता दें कि दिल्ली से डेंगू और चिकनगुनिया से मुक्ति दिलाने के लिए केजरीवाल सरकार महाअभियान चला रही है। दिल्ली के सीएम केजरीवाल हर रविवार को अपने घर में 10 मिनट के लिए घरों के हर कोने का निरीक्षण करने का आह्वान कर रहे हैं। इस अभियान को फिल्मी हस्तियों का भी साथ मिल रहा है। कई फिल्मी हस्तियों ने इसे अभियान का हिस्सा बनते हुए अपनी तस्वीर ट्वीट करते हैं। इसके लिए सरकार ने पंच लाइन भी जारी किया है जो सोशल मीडिया पर काफी सुर्खिया बटोर रहा है। 10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट। अरविंद केजरीवाल ने अपील की है कि सभी कार्यकर्ता रविवार को 10 बजे अपने घरों का निरीक्षण करें।





