लड़की के अर्ध बेहोशी की हालत में थाने पहुंचने के बाद नूरमहल पुलिस में मचा हड़कंप…

नूरमहल में एक अजीब मामला सामने आया है। सोलह साल की एक लड़की ने नींद की गोलियां खा लीं और फिर अर्ध बेहोशी की हालत में पुलिस थाने पहुंच गई। वहां उसने अपने पिता, चाचा व दादा-दादी को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस को सुसाइड नोट थमाया और फिर बेहोश हो गई। घबराए पुलिस कर्मी उसे तुरंत गाड़ी में डालकर नूरमहल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसे सिविल अस्पताल जालंधर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शुरुआती पूछताछ के बाद दोनों पक्षों को वीरवार को थाने बुलाया है। इस मामले में अभी किसी के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।

पुलिस का कहना है कि लड़की के माता-पिता के बीच झगड़ा चल रहा है। दूसरे पक्ष ने भी इस लड़की व उसके भाई व मां पर उनके साथ मारपीट के आरोप लगाए हैं। नूरमहल की रहने वाली लड़की ने पुलिस को सौंपे सुसाइड नोट में लिखा कि वो अपने चाचा, दादी, ताया व पिता से परेशान होकर खुदकुशी कर रही है। इसके बारे में उसकी मां, बहन व भाई को कुछ भी पता नहीं है। नींद की गोलियां उसे दादी ने दी हैं और इसे पूरे परिवार को खिलाने के लिए कहा ताकि उनका सबसे पीछा छूट जाए और वो अपने बेटे यानी उसके पिता का दूसरा विवाह कर सके।

लड़की ने लिखा कि इस कारण उसने खुद ही सारी दवाइयां खा ली हैं। मैं अपने परिवार को मरते हुए नहीं देख सकती। इसलिए सारी गोलियां खुद खा लीं।

पति-पत्नी में चल रहा झगड़ा

लड़की की मां ने कहा कि उसका पति के साथ लंबे समय से झगड़ा चल रहा है। उसकी दो बेटियां पिता के साथ जबकि बेटा उसके साथ रहता है। वो नूरमहल में अपनी मौसी के घर रहती है। उनका केस अदालत में भी गया था। वहां जज ने तलाक से पहले छह महीने का टाइम दिया लेकिन इसके बावजूद तीन दिन पहले उसके साथ मारपीट की गई। इस कारण वह नूरमहल अस्पताल में भर्ती थी। दूसरी बेटी भी बीमार होने की वजह से अस्पताल थी। जब उनकी बेटी को पुलिस वहां लाई तो उन्हें बेटी के सुसाइड की कोशिश का पता चला।

पति भी जख्मी, दादी का पैर टूटा

लड़की के पुलिस थाने पहुंचने के बाद नूरमहल पुलिस में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत पुलिस टीम को सुसाइड नोट में बताए लोगों को हिरासत में लेने के लिए कहा। जब पुलिस गांव पहुंची तो पाया कि लड़की की दादी का पैर टूटा हुआ था और दादा को ऑक्सीजन सिलेंडर लगा हुआ था। लड़की का पिता भी जख्मी हालत में अस्पताल में दाखिल है। हालांकि लड़की का चाचा जरूर फरार मिला।

जांच कर रहे हैं : एसएचओ

थाना नूरमहल के एसएचओ हरदीप सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों में पुराना झगड़ा चल रहा है और वो एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। इस वजह से अभी किसी के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जहां उनकी बात सुनकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button