पिथौरागढ़ और चमोली में बादल फटने से एक व्‍यक्ति की मौत हो गई जबकि दो लोग हुए घायल

सूबे में मानसून जाते-जाते कहर बरसा रहा है। पिथौरागढ़ और चमोली में बादल फटने से एक व्‍यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। उन्‍हें अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर रेस्‍क्‍यू टीम मौके पर पहुंच गई है।

पहली घटना पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी ब्‍लॉक के तल्ला जोहार के टिमटिया क्षेत्र की है। यहां बीती रात करीब दो बजकर 40  मिनट पर बादल फट गया। इससे मलबे में दबने से राम सिंह (60 वर्ष) पुत्र दयान सिंह की मौत हो गई है। वहीं, धनी देवी (55 वर्ष) पत्नी राम सिंह और चंद्रा देवी (60 वर्ष) घायल हो गए है। ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर घायलो को मलबे से बाहर निकाला। पूरे तल्ला जोहार में रात भर भारी बारिश हुई है। इससे रामगंगा नदी  उफान पर है। क्षेत्र के सभी नदी नालो का जल स्तर बढ़ गया है। सूचना पर पुलिस और राजस्व दल मौके पर पहुंच गया है।

वहीं, दूसरी घटना चमोली जिले में हुई। यहां गोविंदघाट में बादल फट गया। इससे हुए भूस्‍खलन से पार्किंग में खड़े वाहन मलबे में दब गए। उधर, तलवाड़ी ग्वालदम में भी भूस्खलन से एक गौशाला क्षतिग्रस्त हो गई। मलबे में मवेशियों के दबे होने की सूचना है।

Back to top button