AAP से इस्तीफा देने के बाद, अलका लांबा ने इस पार्टी का दामन थामने का किया ऐलान

आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने के बाद अलका लांबा ने अब कांग्रेस पार्टी का दामन थामने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी और कहा, ‘आज शाम 6 बजे, 10 जनपथ पहुंच कर, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करुंगी.’
@ArvindKejriwal 🙏🇮🇳@AamAadmiParty #ChandniChowk #MLA #AlkaLamba pic.twitter.com/lwz14w1xCB
— Alka Lamba 🇮🇳 (@LambaAlka) September 6, 2019
इससे पहले दिल्ली के चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा ने आज सुबह आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान करते हुए ट्विटर पर लिखा, ‘AAP को गुड बाय कहने का समय आ गया है. पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. पिछले 6 साल की यात्रा मेरे लिए काफी सिखाने वाली रही.’
पिछले दिनों मंगलवार को अलका लांबा ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी. तभी से यह कयास लगने लगा था कि अलका लांबा जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं.
केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में महिलाओं के लिए क्यों मुफ्त की मेट्रो सेवा: सुप्रीम कोर्ट
अलका लांबा पिछले कुछ महीनों से आम आदमी पार्टी के साथ कई मुद्दों पर खुलकर भिड़ती नजर आ रही थीं. पिछले महीने लांबा ने कहा था कि उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया है और वह एक स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगी.
लांबा के जवाब में आम आदमी पार्टी ने कहा था कि वह उनका इस्तीफा स्वीकार करने के लिए तैयार है.
हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अलका लांबा ने पार्टी की कड़ी आलोचना की थी. उन्होंने पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से हार के लिए जवाबदेही मांगी थी, जिसके बाद उन्हें पार्टी सदस्यों के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप से हटा दिया गया था.





