प्रदेश के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश से जनजीवन भी है प्रभावित, स्कूल और अस्पताल की ओटी में भरा पानी

प्रदेश में मानसून सक्रिय है। ऐसे में कई स्थानों पर झमाझम बारिश हो रही है। कई स्थानों पर लगातार बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात ये हैं कि, कई शहरों का निकट के क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है। हरदा में सुबह 2 घंटे की बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ।
तेज बारिश से शहर के हालात खराब हो गए। स्कूल के साथ कुछ रहवासी क्षेत्रों में जल जमाव हो गया तो दूसरी ओर अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर और डायलिसिस कक्ष में भी पानी भर गया। पानी भरने के बाद कर्मचारी पानी निकालने के जतन करते रहे।
यहां कई क्षेत्रों में बारिश का पानी भर गया। तो दूसरी ओर कन्या शाला स्कूल परिसर में 3 फीट तक जल जमाव की स्थिति रही। ऐसे में शैक्षणिक कार्य प्रभावित हुआ। कमरे में पानी भराता देख कुछ शिक्षक समीप के कमरे में चले गए, फिर बच्चों से भी बाहर आने को कहा लेकिन छात्राएं डर के कारण बाहर नहीं आई। एक मीडियाकर्मी ने उन बालिकाओं के दूसरे कमरे में पहुंचाया।





