बिहार में तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहट हो गयी तेज, आज हो सकता है इसका बड़ा ऐलान

बिहार में तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहट तेज हो गयी है, आज इसका बड़ा एेलान हो सकता है। इस मोर्चे में महागठबंधन के कुछ सदस्यों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। जहां सोमवार को कांग्रेस में एक बार फिर राजद से नाता तोडऩे की बात उठने लगी है तो वहीं महागठबंधन को छोड़कर हम के अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने पप्पू यादव से मुलाकात कर इस और नया कदम बढ़ा दिया है।

हम के बाद पप्पू यादव ने लोजपा सेक्युलर के नेताओं से भी मुलाकात की है। एेसे में हो सकता है कि दोपहर बाद तीसरे मोर्चे के गठन को लेकर कोई बड़ा एेलान किया जा सकता है।

बता दें कि राजद में आंतरिक कलह की भी बातें सामने आ रही हैं। कुछ नेता पार्टी से नाराज चल रहे हैं। एेसे में, हो सकता है वो भी तीसरे मोर्चे के गठन में अहम भूमिका निभा सकते हैं। वैसे आज महागठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक होेने वाली है। देखना होगा कि इस बैठक में कौन-कौन शामिल होते हैं।

हार के बाद से ही मंडरा रहा महागठबंधन के वजूद पर खतरा

लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद महागठबंधन एक तरह से बिखर गया है और घटक दल एक-दूसरे के प्रति उदासीन दिख रहे हैं। हार के बाद जहां राजद में आंतरिक कलह दिखने लगी थी वहीं कांग्रेस में राजद का साथ छोड़ने की बातें, हम अध्यक्ष मांझी का महागठबंधन छोड़ने के एेलान के साथ ही रालोसपा और विकासशील इन्सान पार्टी ने खामोशी को अपना लिया है। एेसे में आज होनेवाली महागठबंधन की बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है।

कांग्रेस में राजद को छोड़ने की मांग हुई तेज 

सोमवार को कांग्रेस पार्टी की सलाहकार समिति की बैठक में कई नेताओं ने सुझाव दिया कि पार्टी को तालमेल की बजाय अकेले चुनाव लडऩा चाहिए। पांच विधानसभा सीटों पर शीघ्र ही होने वाले उपचुनाव से इसकी शुरुआत की जानी चाहिए।

बैठक में हालांकि यह तय किया गया कि फिलहाल तालमेल को लेकर पार्टी को रास्ते बंद नहीं करने चाहिए। बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि संगठन को राज्य से लेकर पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने के लिए पार्टी को तुरंत कार्य योजना बनानी चाहिए। प्रमंडलीय स्तर पर बैठक एवं रैली करने के अलावा सदस्यता अभियान चलाने की दिशा में भी जल्द ही पहल करनी चाहिए।

पार्टी के प्रभारी सचिव वीरेंद्र सिंह राठौर और प्रदेश अध्यक्ष डाक्टर मदन मोहन झा ने कहा कि वे सलाहकार समिति के सदस्यों की भावना से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अवगत कराएंगे।

जीतनराम मांझी और पप्पू यादव की बढ़ी नजदीकियां

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी और जन अधिकार पार्टी अध्यक्ष राजेश रंजन पप्पू यादव के बीच इन दिनों निकटता बढ़ती जा रही है। सोमवार की रात मांझी और पप्पू के बीच मुलाकात हुई। विधानसभा चुनाव के पूर्व ये दोनों नेता अलग गुट बनाने की जुगत में लगे हैं, ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं।

इससे पहले पूर्व सांसद अरुण सिंह, रेणु कुशवाहा भी जाप नेता पप्पू यादव के साथ मुलाकात कर चुके हैं। हालांकि मांझी और पप्पू दोनो ही कल की हुई मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बता रहे हैं, लेकिन राजनीति में इसके अलग ही मायने देखे जा रहे हैं।

Back to top button