भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का निधन, अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि

भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली (66) Arun jaitley  का शनिवार को निधन हो गया। उन्होंने 12:07 बजे अंतिम सांस ली। वह काफी दिनों से दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (All India Institute of Medical Sciences) में इलाज के लिए भर्ती थे।

पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली 9 अगस्त से एम्स के आइसीयू में भर्ती थे, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की देखरेख कर रही थी।

66 वर्षीय जेटली को एम्स में पिछले कई दिनों ने जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए हाल के दिनों में पीएम मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई बड़े नेताओं ने अस्पताल का दौरा किया था।

LIVE Updates:-

– अरुण जेटली का पार्थिव शरीर उनके घर लाया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

-केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अरुण जेटली के निधन से मैं बेहद दुखी हूं। उन्‍होंने अरुण जेटली को अपना बड़ा भाई और गुरु बताया। उन्‍होंने कहा कि मेरे लिए यह एक निजी क्षति है।

-केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के पार्थिव शरीर को उनके घर पर ले जाया जा रहा है।

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जेटली के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर बताया कि जल्द ही जेटली का शव उनके निवास पर ले जाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कल सुबह करीब 10 बजे अंतिम दर्शन के लिए उनका शव भाजपा मुख्यालय पर रखा जाएगा। निगंबोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार दोपहर बाद किया जाएगा।

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जेटली के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्हें याद करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उन्होंने राजनीति में लंबा सफर तय किया जिसकी वजह से उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

-झारखंड सरकार ने शनिवार और रविवार को होने वाले सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया। मुख्‍यमंत्री रघुवर सरकार ने कहा कि जेटली के निधन की खबर से दुखी हूं। भाजपा परिवार ने एक अभिन्न सदस्य को खो दिया है। मैं उनकी आत्‍मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना करता हूं। इस दुख की घड़ी में परिवार को भगवान दुख सहने की शक्‍ति प्रदान करें।

राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि लंबी बीमारी से जूझने के बाद उनका निधन हो गया है। एक शानदार वकील, एक अनुभवी सांसद और एक प्रतिष्ठित मंत्री जिन्‍होंने राष्ट्र-निर्माण में बहुत योगदान दिया।

गृहमंत्री अमित शाह अपनी हैदराबाद की यात्रा को खत्‍म कर वापस दिल्‍ली आ रहे हैं। अमित शाह ने दुख जताते हुए कहा कि यह मेरी लिए निजी क्षति है। मैंने ना सिर्फ पार्टी का एक नेता खोया है बल्‍कि मैंने अपने परिवार का सदस्‍य खो दिया है जो मेरे मार्गदर्शक रहे हैं।

– उपराष्‍ट्रपति एम वेंकैया नायडू भी अपनी यात्रा अधूरी छोड़ कर वापस दिल्‍ली आ रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि उनकी मौत एक निश्‍चित तौर पर देश और मेरे लिए बड़ी क्षति है। मेरे पास इस दुख को व्‍यक्‍त करने के लिए कोई शब्‍द नहीं हैं। वे एक शक्तिशाली बुद्धिजीवी, एक योग्य प्रशासक थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button