मुकेश अंबानी ने कहा-जियो गीगाफाइबर सर्विस कॉमर्शियल आधार पर 5 सितंबर 2019 को होगा लॉन्च

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की 42वीं एजीएम में चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कई आकर्षक घोषणाएं की. इस दौरान अंबानी ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली कंपनी रही है. उन्होंने बताया कि रिलायंस जियो के सब्सक्राइबर्स 34 करोड़ से पार हो गए हैं. आरआईएल देश की सबसे बड़ी टैक्स पेयर कंपनी बन गई है. उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2020 तक 5 लाख करोड़ डॉलर की इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य रखा है. मुझे पूरी उम्मीद है कि भारत इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेगा.
1600 शहरों में 2 करोड़ लोगों तक पहुंचने की कोशिश
इस दौरान मुकेश अंबानी ने बताया कि जियो गीगाफाइबर सर्विस कॉमर्शियल आधार पर 5 सितंबर 2019 को लॉन्च की जाएगी. इसी दिन जियो की तीसरी वर्षगांठ है. अंबानी ने कहा हम 1600 शहरों में 2 करोड़ लोगों तक पहुंचने का प्लान कर रहे हैं. जियो गीगाफाइबर का प्लान 700 रुपये से शुरू होगा और यह 10000 रुपये तक होगा. यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से प्लान का चुनाव कर सकते हैं. ग्राहक को केवल एक ही सर्विस वॉयस या डाटा के लिए भुगतान करना होगा.
100 mbps की स्पीड शुरू होगा बेसिक प्लान
एजीएम में मुकेश अंबानी ने बताया कि जियो गीगाफाइबर प्लान का बेसिक प्लान 100 mbps की स्पीड से शुरू होगा और यह 1 Gbps तक होगा. साथ ही प्रीमियम जियो गीगाफाइबर ग्राहकों को कंपनी की तरफ से रिलीज के दिन ही मूवी देखने की सुविधा दी जाएगी. उन्होंने बताया प्रीमियम जियो गीगाफाइबर यूजर्स घर में उसी दिन मूवी देख सकते हैं जिस दिन वह थियेटर में रिलीज होगी. इस सर्विस को कंपनी की तरफ से साल 2020 के मिड में लॉन्च किया जाएगा.
इस मौके पर आकाश अंबानी और ईशा अंबानी ने केबल टीवी के लिए जियो सेटटॉप बॉक्स की घोषणा की. जियो सेटटॉप बॉक्स गेमिंग को सपोर्ट करेगा. जियो सेटटॉप बॉक्स के जरिये आप वीडियो कांफ्रेंसिंग भी कर सकते हैं, जियो फाइबर का टैरिफ चार आधार पर तय किया जाएगा.





