UP में आगरा के IG को मिला एक अनोखा सम्मान, इस शख्स ने भेजा प्रशंसा पत्र और 500 रुपये का इनाम

उत्तर प्रदेश में आगरा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को एक अनोखा सम्मान मिला है. यह सम्मान सरकार या पुलिस विभाग ने नहीं दिया बल्कि एक आम आदमी ने दिया है, इसलिए यह खास भी है.

आगरा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ए. सतीश गणेश को एटा के रहने वाले विजयपाल सिंह नाम के व्यक्ति ने प्रशंसा पत्र भेजा है और साथ में 500 रुपये का इनाम भी भेजा है. प्रशंसा पत्र और इनाम की सूचना जैसे ही लोगों को लगी वो हैरान हो गए.

दरअसल, गुरुवार को आईजी सतीश गणेश के घर पर एक लिफाफा पहुंचा. उन्होंने जब लिफाफा खोला तो उसमें एक 500 रुपये का चेक और प्रशंसा पत्र रखा था. उन्हें यह देखकर बड़ी हैरानी हुई कि प्रशंसा पत्र और चेक किसी वरिष्ठ अधिकारी या सरकार ने नहीं बल्कि एक आम आदमी ने भेजा है.

लिफाफा भेजने वाले विजयपाल सिंह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी गणेश की कार्यशैली से बेहद खुश हुए और यह इनाम भेजा.

ऐसे काम से खुश हुए विजयपाल

हाल ही में आईजी एक रिएलिटी टेस्ट करने मथुरा के हाइवे पुलिस स्टेशन पहुंचे थे. वहीं वो आर्मी कर्नल बनकर पहुंचे और लैपटॉप चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई. एसएचओ ने तुरंत उनकी बात सुनी और एफआईआर लिखने का निर्देश दिया.

पुलिस की तत्काल कार्रवाई को आईजी बेहद खुश हुए और अपनी पहचान बताकर अधिकारी को सम्मानित किया. लिफाफा भेजने वाले विजयपाल ने लिखा, ‘मैं आपकी कार्यप्रणाली से बेहद खुश हूं और आपको यह प्रशंसा पत्र व 500 रुपये का चेक भेज रहा हूं.’

1996 बैच के आईपीएस अधिकारी आईजी गणेश ने इस सम्मान को बेहद खास बताया. उन्होंने कहा कि 23 साल के करियर में उन्हें अनेक मेडल, अवॉर्ड और सम्मान-पत्र मिले, लेकिन यह सबसे खास है.

आईजी ने कहा कि यह एक पुलिस अधिकारी के लिए सबसे बड़ा और अनमोल तोहफा है जो उसे आम आदमी की तरफ से मिला है. उन्होंने कहा कि वह इस पत्र और चेक को बहुत संभालकर रखेंगे क्योंकि यह जनता के लिए किए गये मेरे काम का सम्मान है.

Back to top button