लखनऊ और आसपास के जिलों में शुरू हुआ पौधरोपण का शुभारंभ…

भारत छोड़ो आंदोलन की 77वीं वर्षगांठ के मौके पर उत्तर प्रदेश में 22 करोड़ पौधारोपण के महाकुंभ का शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जैतीखेड़ा में हरिशंकरी का रोपण कर इस अभियान को हरी झंडी दी। वहीं लखनऊ और आसपास के जिलों में भी पौधरोपण महाकुंभ का आगाज हो गया। राजधानी में स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने लोहिया अस्पताल में पौधरोपण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर में एक दिन में 22 करोड़ पौधे लगाने के अभियान पौधारोपण महाकुम्भ का शुक्रवार को शुभारंभ किया। इसके बाद राजधानी और आसपास के जिलों में भी अभियान वृहद स्तर पर शुरू हुआ। लोहिया अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में अस्पताल के निदेशक डॉ डीएस नेगी, सीएमओ नरेंद्र अग्रवाल और एमएस डॉ एमएल भार्गव भी मौजूद रहे। वहीं बहराइच, गोंडा, सीतापुर, सुल्तानपुर, श्रावस्ती समेत कई जिलों में पौधरोपण महाकुंभी शुरू हुआ।
शुरू हुई काउंटिंग
प्रदेश भर में हो रहे पौधरोपण की संख्या को साथ ही साथ अपडेट भी किया जा रहा है। पौधरोपण महाकुंभ में रोपित किए जाने वाले पौधों के लिए वन विभाग ने ऑनलाइन अपडेशन की व्यवस्था भी की है। सभी जिलों से पल-पल लगने वाले पौधों को तुरंत अपलोड की जा रही है। बाराबंकी में 12 बजे तक 27 लाख रोपे जा चुके हैं। 22 लाख पौधे रोप कर खीरी जिला प्रदेश में 16वें नंबर पर पहुंच गया है।





