भाजपा MLA द्वारा पूछे गए सवाल का सरकार ने उन्हें 4750 पेज का भेजा जवाब…

राजस्थान विधानसभा में अतिक्रमण के मामलों को लेकर भाजपा विधायक चंद्रकांता मेघवाल द्वारा पूछे गए सवाल का सरकार ने उन्हें 4750 पेज का जवाब भेजा है। इन 4750 पेज का वजन 30 किलो से भी अधिक है। विधायक को सवाल का जवाब जब मिला तो दो सरकारी कर्मचारी कागजों को उठाकर लेकर आए।

मेघवाल ने विधानसभा में कोटा और बूंदी जिलों में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर राजस्व मंत्री हरीश चौधरी से सवाल पूछा था।

राजस्व विभाग ने 4750 पेज में उस सवाल का जवाब दिया। कोटा और बूंदी जिलों में ही इतनी बड़ी संख्या में अतिक्रमण है कि उनकी सूची में ही इतने पेज लग गए, अब जब दो जिलों के यह हालत हैं तो पूरे प्रदेश में किस स्तर पर अतिक्रमण होंगे, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

सवाल के जवाब के 10 सेट तैयार हुए
दो जिलों में अतिक्रमणों के इतने बड़े जवाब को ऑनलाइन करने में दिक्कत थी, लिहाजा विधानसभा की वेबसाइट पर इसका ब्योरा नहीं दिया गया। हार्ड कॉपी में 4750 पेज के जवाब पर अब सवाल भी उठ रहे हैं, क्योंकि इस सवाल के जवाब के 10 सेट तैयार हुए, जिन पर 47500 पेज लगे, इसलिए यह जवाब पेन ड्राइव के जरिए देने का विकल्प हो सकता था, जिससे कागज की बचत हो सकती थी। राजस्व मंत्री के पास इतने बड़े जवाब वाले सवाल को रद करवाने का विकल्प भी था। लेकिन इसका जवाब दिया गया, आगे से इतने बड़े जवाब ऑनलाइन देने की व्यवस्था करने की बात कही जा रही है।

जवाब में बताया गया कि अकेले बूंदी जिले में ही 23 हजार से ज्यादा अतिक्रमण सामने आए, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई। सरकारी जमीनों पर बढ़ते अतिक्रमणों ने अतिक्रमियों के हौसले बढ़ते ही जा रहे हैं। यही हाल रहे तो आने वााले वक्त में सार्वजनिक जमीनें बच पाना मुश्किल हो जाएगा। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने कहा कि सरकारी जमीनों पर दो तरह के अतिक्रमण हैं। एक तो ऐसे अतिक्रमण हैं, जो भूमिहीन गरीब लोगों ने घर बना लिए हैं। इस तरह के अतिक्रमणों के मामले में गरीब लोगों को राहत देने पर विचार किया जा रहा है। दूसरे अतिक्रमण भूमाफियाओं के हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राजस्व विभग के जवाब के मुताबिक, कोटा जिले में 8773 अतिक्रमी हैं। जिले से 795 हेक्टेयर चारागाह और 3116 हेक्टेयर सिवायचक भूमि से अतिक्रमण हटाए गए, 8768 अतिक्रमियों को नोटिस दिए, 8760 अतिक्रमियोंं की फसल जब्त की गई। इसी तरह बूंदी जिले में 23,247 अतिक्रमियों के खिलाफ कार्रवाई की गई हैं। 2384 हेक्टेयर चारागाह भूमि और 8698 हेक्टेयर सिवायचक भूमि पर अतिक्रमण हटवाए गए।

Back to top button