राजधानी स्थित हजरतगंज में गोली कांड में घायल विधायक मुख्तार अंसारी के प्रतिनिधि को जेल…

राजधानी स्थित हजरतगंज में मंगलवार देर शाम गोली कांड में घायल बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के प्रतिनिधि शाहिद जाफरी को वजीरगंज पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। शाहिद वर्ष 2013 में वजीरगंज दंगे के दौरान हुई दो हत्यारों के मामले में वारंटी था। वहीं, पुलिस गोलीकांड के राजफाश के लिए संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गई है। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि गोलीकांड में घायल शाहिद और उसके साथी नामवर ने खुद ही तो हमला नहीं कराया। 
इंस्पेक्टर वजीरगंज दीपक दुबे ने बताया कि शाहिद वर्ष 2013 में दंगे के दौरान हुई दो हत्याओं के मामले में आरोपित था। दंगे के दौरान गोली लगने से दो लोगों की मौत हुई थी। न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। मंगलवार रात हजरतगंज में गोली लगने से घायल होने की सूचना पर जब उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया तो जानकारी हुई कि यह वही शाहिद है। हालत सामान्य होते ही उसे गिरफ्तार कर पुराने मामले में जेल भेज दिया गया। वहीं, हजरतगंज पुलिस के मुताबिक शाहिद, बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का करीबी है। उसे और उसके साथी नामवर को गोली लगी थी। दोनों ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह और सिपाही आलोक सिंह पर हमले का आरोप लगाया था। सीओ हजरतगंज अभय कुमार मिश्र ने बताया कि कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
खुद हमला कराए जाने की आशंका, हिरासत में संदिग्ध
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शाहिद और नामवर ने खुद हमला कराया है इस दिशा में भी जांच की जा रही है। अभी तक आरोपित का मोबाइल नहीं मिला है। पुलिस मोबाइल से भी साक्ष्य संकलन करेगी। जिसके आधार पर कई बाते साफ होंगी। वहीं, नामवर अभी इस संबंध में कुछ बोल नहीं रहा है।





