रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच एक युवक की बोल्डर की चपेट में आकर हुई मौत…

पहाड़ों में रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच दुश्वारियों का दौर जारी है। शुक्रवार को चमोली जिले में मवेशियों के साथ जंगल से लौट रही महिला बरसाती नाले के उफान में बह गई। इसी जिले में एक युवक की बोल्डर की चपेट में आकर मौत हो गई। वह मवेशियों को लेकर जंगल गया हुआ था। उधर, उत्तरकाशी जिले में सुपीन नदी के उफान देखकर दो गर्भवती महिलाएं उपचार के लिए अस्पताल तक नहीं पहुंच पाई। इस बीच, चारधाम यात्र मार्ग सुबह के वक्त कुछ स्थानों पर बाधित रहे। प्रदेश के 68 संपर्क मार्ग मलबा आने से बंद पड़े हैं। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले चौबीस घंटे में कुछ पहाड़ी जिले के अलावा देहरादून और मसूरी में तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है। वहीं, बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ के पास मलबा आने के चलते बाधित है। वहीं, सूबे के कई इलाकों में सुबह से ही रुक रुककर बारिश हो रही है।

चमोली जिले में चाई गांव निवासी माहेश्वरी देवी तोली नाला के उफान में बह गई। वह मवेशी लेकर लौट रही थी। जोशीमठ के तहसीलदार चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि एसडीआरअफ की टीम महिला को तलाश रही है। जिले में दूसरी घटना सिरौ गांव में हुई। समीपवर्ती जंगल में मवेशियों के साथ गए युवक रोहित पर पहाड़ी से बोल्डर आ गिरा, अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

सीमावर्ती जनपद उत्तरकाशी के मोरी ब्लाक के पांच गांवों के लोगों के लिए बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्र में पिघलते हिमखंड आफत बन आए हैं। यहां सुपीन नदी पिछले दो दिनों से उफान पर है। इसकी वजह से खेड़ा घाटी में लकड़ी की पुलिया का 15 मीटर हिस्सा बह गया। फलस्वरूप लिवाड़ी-फिताड़ी समेत पांच गांवों में आवाजाही ठप हो गई है। शुक्रवार को उपचार के लिए अस्पताल के लिए घर से निकली दो गर्भवती महिलाओं समेत चार लोगों को खेड़ाघाटी से वापस लौटना पड़ा। इलाके में स्कूली बच्चों के सामने भी दिक्कतें खड़ी हो गई हैं। मोरी के तहसीलदार बीआर सरियाल बताते हैं कि सुपीन नदी के उफान के खतरे को देखते हुए खेडाघाटी में आवाजाही रोक दी गई है, स्थिति सामान्य होने पर आवाजाही शुरू कर दी जाएगी।

देहरादून में बारिश से पारा गिरा, बौछारों की संभावना

पहाड़ों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। देहरादून में भी गुरुवार देर रात साढ़े दस बजे से मूसलाधार बारिश शुरू हुई जो करीब तीन घंटे तक चली। शुक्रवार सुबह पांच बजे से फिर देहरादून और मसूरी में हल्की बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में देहरादून व मसूरी में क्रमश: 18.2 व 22.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। आने वाले 24 घंटों में कुछ पहाड़ी जिलों के अलावा देहरादून और मसूरी में एक से दो दौर तेज बौछारों के पड़ सकते हैं। गुरुवार देर रात हुई तेज बारिश के दौरान शहर के वार्ड 74 ब्रह्मपुरी की राजीव नगर बस्ती में भारी बारिश के कारण पुस्ता ढह गया।

Back to top button