राजस्थान के जोधपुर में मामा ने भांजे को बुला कर इतना पीटा कि निकल गई जान

राजस्थान के जोधपुर जिले के चामू के गोदेलाई गांव में मामा व उसके साथी ने मिल कर अपने भांजे को फोन करक घर बुलाया और फिर इतना पीटा कि अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। देचू थाने में मृतक के भाई ने नामजद मामला दर्ज कराया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, गत 29 जुलाई को असलाराम उर्फ अशोक कुमार को भीखाराम निवासी गोदेलाई चामू ने फोन कर बुलाया और बंधक बना कर पीटते रहे। बताया जा रहा है कि मामा-भांजे में पुरानी रंजिश चल रही थी। रात भर जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने मामा को फोन किया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में उनका शक बढ़ गया। सुबह उसका भाई गोदेलाई आया, तब वह पेड़ के नीचे बंधा बेसुध पड़ा था।
उसने पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल पड़े असलाराम उर्फ अशोक की रस्सियां खोलकर चामू अस्पताल पहुंचाया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। यह भी जानकारी सामने आई कि किसी विवाद को लेकर मामा ने उसे समझाने के लिए बुलाया था। वहां विवाद बढ़ गया।





