डाकघर की महिला क्लर्क ने 100 परिवारों को अधिक ब्याज का लालच देकर जमा योजना के नाम पर 40 लाख रुपये ठगे

आप भी सावधान हो जाएं और किसी जमा योजना में धन निवेश करने से पहले ठीक से जांच पड़ताल कर लें। पटियाला जले के समाना के बुजरक गांव स्थित पोस्ट ऑफिस में तैनात क्लर्क ने अधिक ब्याज वाले जमा स्कीम का लालच देकर करीब 100 जमा परिवारों से करीब 40 लाख रुपये ठग लिये। अब ये लोग मारे-मारे फिर रहे हैं।
महिला क्लर्क ने उनको झांसा देकर एक फंसाया कि लोगों से समझा कि यह स्कीम डाकखाने की है। लोगों ने बीस हजार से लेकर चार लाख रुपये तक की इन्वेस्टमेंट कर दी। बाद में पैसे न मिलने पर आरोपित महिला क्लर्क के खिलाफ 38 परिवारों ने आवाज उठाई। जून महीने में एसएसपी से की गई शिकायत की पड़ताल के बाद थाना सदर समाना में आरोपित महिला क्लर्क गांव प्रेम सिंह वाला निवासी कर्मजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
समाना के बुजरक गांव स्थित पोस्ट ऑफिस में तैनात है आरोपित महिला क्लर्क
ठगी के शिकार लोगों ने बताया कि आरोपित महिला की तैनाती डाकखाने में पिछले दस सालों से थी। सभी उस पर भरोसा करते थे। कर्मजीत कौर ने 2014 में अधिक ब्याज मिलने की बात कहते हुए लोगों से इन्वेस्टमेंट करवानी शुरू कर दी। लोगों ने बीस हजार रुपये से लेकर चार लाख रुपये तक डाकखाने में जमा करवाए, जिसके बदले में आरोपित ने लोगों को रसीद भी दी। लोगों को यह कहा गया था कि बैंक से अधिक ब्याज मिलेगा। तीन साल के बाद कुछ लोगों की स्कीम समय पूरा होने के बाद मेच्योर हो चुकी थी तो लोगों ने पैसा वापस मांगना शुरू कर दिया।
क्लर्क ने आगे इन्वेस्ट किए थे पैसे, फ्रॉड निकली कंपनी, पैसे डूबे
जानकारी के अनुसार, महिला क्लर्क ने लोगों की रकम लेकर एक प्राइवेट कंपनी में इन्वेस्ट किया था। कंपनी ने अधिक ब्याज मिलने की बात कही गई थी। यह प्राइवेट कंपनी फ्रॉड निकली। कंपनी के प्रबंधकों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। ऐसे में लोगों का पैसा इस कंपनी में लगाकर महिला क्लर्क फंस गई।
खाली कागज पर हस्ताक्षर करवा लोगों को दी धमकी
आरोप है कि लोगों ने अधिक दबाव बनाया तो पैसा वापस दिलाने के नाम पर क्लर्क ने लोगों से खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाते हुए रसीदें वापस ले लीं। लोगों का कहना हे कि बाद में वह फंसाने की धमकी देनी शुरू कर दी। धमकियों के बाद कुछ परिवार, जिनका पैसा कम था, चुप हो गए। लेकिन काफी संख्या में लोगों ने पुलिस में शिकायत दे दी।
पुलिस को शिकायत करने वालों में शांति कौर, माया कौर, जसवंत कौर, महिंदर कौर, गुरदेव कौर, गुरनाम कौर, शेरो, रिंपी, सुखविंदर कौर, मलकीत कौर, आनंद कौर,बलजीत कौर, मंजीत कौर, हरविंदर कौर, जगदीप सिंह, बीरबल खान, रणदीप सिंह, बलजीत सिंह, मनिंदर कौर, गुरविंदर सिंह, बलजीत कौर, भाग सिंह, कर्मा सिंह, अमरजीत कौर, सतपाल, देवसिंह का नाम शामिल है। पीडि़तों ने कहा कि आरोपित ने 39 लाख 65 हजार रुपये से अधिक पैसा गबन किया है।





