राजस्थान के टोंक में एक पुलिस कांस्टेबल की चाकू से गोदकर कर दी हत्या

राजस्थान के टोंक में शुक्रवार रात एक पुलिस कांस्टेबल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस मामले में चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार वारदात शुक्रवार रात करीब आठ बजे हुई बताई जा रही है। हत्या का शिकार हुआ कांस्टेबल मुकेश चैधरी 25 वर्ष का है और टोंक जिले के मेहंदवास का रहने वाला था। वह जिला मुख्यालय पर पुलिस लाइन में चालानी गार्ड था। शुक्रवार को वह ड्यूटी के बाद अपने घर चला गया था। रात को उस पर कुछ हमलावारों ने चाकुओं से ताबड़ तोड़ वार कर दिए और फरार हो गए।

मुकेश को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। वहां मुकेश ने रात करीब 10 बजे दम तोड़ दिया। मुकेश के शरीर पर चाकू के नौ घाव मिले हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। मुकेश के परिजनों ने जमीनी विवाद को लेकर हत्या किए जाने का शक जताया है। इस संबंध में चार लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने तत्परता बरतते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।

प्रदेश में 15 दिन के भीतर यह दूसरे पुलिसकर्मी की हत्या की गई है। करीब दो सप्ताह पहले 13 जुलाई को राजसमंद में झगड़े के मामले की जांच करने गए भीम थाने के हेड कांस्टेबल अब्दुल गनी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी।

Back to top button