पूर्व CM राबड़ी देवी आज उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी से नाराज दिखीं और किया जमकर बोला हमला

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी आज उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी से नाराज दिखीं और उनपर जमकर हमला बोला। जब उनसे पूछा गया कि तेजस्वी यादव कहां हैं तो राबड़ी देवी ने तंज कसा कि सुशील मोदी के घर में जाकर देखिए, तेजस्वी वहीं हैं, और कहां हैं? राबड़ी देवी ने तेजस्वी यादव के विधानमंडल से गायब रहने पर सुशील मोदी के सवालों पर कहा कि तेजस्वी की चिंता नहीं करें।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 2020 का विधानसभा चुनाव लड़ने के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के ऐलान के बाद राबड़ी ने सुशील मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि सुशील मोदी घबरा गए हैं और इसी घबराहट में वे ऐसे बयान दे रहे हैं। राबड़ी देवी ने कहा कि अब्दुल बारी सिद्दीकी के घर नीतीश के चाय पीने भर से ही मोदी घबराहट में हैं।

मॉब लिंचिंग के विरोध और आरएसएस पर प्रतिबंध को लेकर राबड़ी देवी के नेतृत्व में विधान परिषद के बाहर विपक्ष के नेताओं ने प्रदर्शन किया। राबड़ी ने कहा कि बिहार में मॉब लिंचिंग की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि RSS के लोग जबर्दस्ती राम का नाम बोलने पर मजबूर कर रहे हैं, जो सही नहीं है।

सुशील मोदी ने कहा था-नीतीश के नेतृत्व में ही लड़ेगा एनडीए

बता दें कि सोमवार को बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में सुशील मोदी ने कहा, कई बार मीडिया में तरह-तरह के भ्रम पैदा किए जाते हैं कि क्या होगा? यह गठबंधन चलेगा कि नहीं, तो मैं सदन के माध्यम से बिहार की जनता को बताना चाहत हूं कि अगला विधानसभा का चुनाव भी यह गठबंधन नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ेगा।

भाजपा-जदयू के नेताओं के बयान पर मचा बवाल

गौरतलब है कि रविवार को बीजेपी एमएलसी सच्चिदानंद राय ने पार्टी नेतृत्व को जेडीयू से गठबंधन तोड़ लेने की सलाह दी थी, जिसपर जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव पवन कुमार वर्मा ने कहा था कि बीजेपी के कुछ नेता नीतीश सरकार से समर्थन वापसी की धमकी दे रहे हैं। उन्हें अकेले होकर एक चुनाव लड़ लेना चाहिए तभी चुनावी परिणाम समझ आ जाएगा।

Back to top button