सुबह तड़के हुई बारिश के बाद राज्य भर में मौसम बना हुआ सुहावना….

सुबह तड़के हुई बारिश के बाद राज्य भर में मौसम सुहावना बना हुआ है। जम्मू संभाग में लगभग सभी स्थानों पर बारिश हुई। श्री अमरनाथ गुफा के आसपास भी बादल छाये हुए हैं। ऊधमपुर से बनिहाल तक हल्की बूंदाबांदी जारी है। मौसम विभाग से मिली जानकारी अनुसार इस पूरा सप्ताह बादल छाये रहेंगे। कई स्थानों पर बारिश रहेगी। जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा। बारिश थमने के बाद हल्की धूप निकलने पर उमस परेशान करेगी। कश्मीर संभाग का मौसम भी अच्छा रहेगा।
शनिवार सुवह हुई बारिश के बाद दिन भर मौसम सुहाबना रहा। बीच-बीच में उमस ने जरूर परेशान किया। तापमान में भी हल्की गिरावट आई है। जम्मू में सुबह 4.3 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। लेह में मामूली बारिश हुई। कश्मीर में बादल तो छाये हुए हैं लेकिन अभी बारिश के आसार नहीं हैं।
जम्मू का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस, श्रीनगर में 31.7 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके बाबा बर्फानी के दर्शन
बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। अब तक 157062 श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के 12वें दिन 13004 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में शिवलिंग के दर्शन किए। वहीं, आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर से शुक्रवार सुबह 5395 श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ। जत्थे में 4129 पुरुष, 1115 महिलाएं, 29 बच्चे और 122 साधु शामिल थे, जो 207 वाहनों पर सवार होकर यात्रा पर गए। इस समय औसतन सात से आठ हजार श्रद्धालु यात्रा पर जा रहे हैं। जम्मू कश्मीर में मौसम की मेहरबानी बनी हुई है। यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड और राज्य प्रशासन अपने प्रयास जारी रखे हुए है। राज्यपाल सत्यपाल मलिक नियमित तौर पर यात्रा प्रबंधों का जायजा ले रहे हैं। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग समेत सभी संवेदनशील जगहों और यात्रा मार्गो पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पिछले साल का टूटा रिकॉर्डः बाबा अमरनाथ यात्रा ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस साल यात्रा के 12वें दिन डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु शिव¨लग के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष यह आंकड़ा यात्रा शुरू होने के बाद 16वें दिन पार किया था। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना हुआ है। यात्रा ने एक लाख का आंकड़ा पहले आठ दिन में पूरा कर लिया था। यात्री निवास में आए बिना सीधे पहलगाम और बालटाल जाकर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अब तक यात्री निवास भगवती नगर से रवाना होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 58427 पहुंच गई है। वहीं, लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने सीधे पहलगाम और बालटाल पहुंच कर यात्रा की है। अधिकतर श्रद्धालु सीधे इसलिए चले जाते हैं ताकि एक दिन का समय बच जाए।





