World Cup 2019 से बाहर होकर विराट बोले- दुखी हूं लेकिन निराश नहीं


जीत के रथ पर सवार भारतीय टीम विश्व कप 2019 से बाहर हो चुकी है। न्यूजीलैंड से पहले सेमीफाइनल में 18 रन से हारते ही सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानियों की तीसरे विश्व कप की उम्मीदें भी खत्म हो गई।

टीम इंडिया की इस हार के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली भी काफी दुखी नजर आए और उन्होंने टीम इंडिया की हार की वजह भी बताई। विराट ने मैच के बाद पत्रकारों से साफ तौर पर कहा कि दुखी जरूर हूं, लेकिन निराश नहीं।
बकौल विराट, ‘टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन शुरुआत की 40 मिनट के खेल ने सब कुछ खत्म कर दिया और हमें ले डूबा। उन्होंने कहा कि ये हमेशा ही बुरा लगता है कि जब आप पूरे टूर्नामेंट में अच्छा खेल रहे हैं और पांच मिनट में ही आपको टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस हार से हम दुखी जरूर हैं लेकिन निराश नहीं हैं।
विराट ने कहा कि, ‘हमने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा खेल दिखाया, लेकिन दबाव में नहीं खेल पाए। कीवी तेज गेंदबाजों ने पहले स्पेल में फर्क पैदा किया और हमारे बल्लेबाजों को जल्दी-जल्दी पवेलियन भेज दिया।






