ICC World Cup 2019 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ ये ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर खेलेंगे अपना पहला मैच

विकेटकीपर-बल्लेबाज पीटर हैंड्सकॉम्ब यहां जारी आईसीसी विश्व कप-2019 (ICC World Cup 2019) के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेंगे. ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की. हैंड्सकॉम्ब को पिछले सप्ताह चोटिल हुए बाएं हाथ के अनुभवी बल्लेबाज शॉन मार्श के स्थान पर टीम में शामिल किया गया था.

वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई शुरुआती टीम में हैंड्सकॉम्ब को नहीं चुना गया था. हालांकि, पाकिस्तान और भारत के खिलाफ हुई सीरीज में उनका प्रदर्शन दमदार रहा था. उन्होंने विश्व कप से पहले टीम के लिए लगातार 13 वनडे मैच खेले थे और फिर स्टीव स्मिथ ने उनकी जगह ली थी.

टूर्नामेंट की आधिकारिक वेबसाइट ने लैंगर के हवाले से बताया, “मैं आपसे सच कहूं तो पीटर हैंड्सकॉम्ब निश्चित रूप से खेलेंगे, 100 प्रतिशत. वह इसके हकदार हैं, वह टूर्नामेंट के लिए टीम में शामिल न होने से दुखी थे. वह बदकिस्मत थे कि हमें यहां तक पहुंचाने के बाद उन्हें टीम में नहीं लिया गया था.”

लैंगर ने कहा, “वह अच्छी फॉर्म में हैं, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया-ए के लिए अच्छा खेला. वह मध्यक्रम में हमें संतुलन प्रदान करेंगे.”

इस बीच, ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को अगले मैच के लिए फिट घोषित कर दिया गया है. दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को खेला जाएगा.

Back to top button