UP राज्य सड़क परिवहन निगम की जनरथ सेवा की बस की दुर्घटना में 29 लोगों की मौत के मामले में CM योगी बेहद दुखी

आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर लखनऊ से दिल्ली जा रही उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की जनरथ सेवा की बस की दुर्घटना में 29 लोगों की मौत के मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ बेहद दुखी है। इसके साथ ही उन्होंने इस मामले में लापरवाही को तत्काल उजाकर करने का भी निर्देश दिया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे की 24 घंटे  में रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने परिवहन आयुक्त धीरज साहू, आगरा के मंडलायुक्त अनिल कुमार और पुलिस महानिरीक्षक आइजी के. सतीश गणेश की एक समिति बनाने का निर्देश दिया है। इस समिति को 24 घंटे में घटना की जांच करने के साथ ही इस दुर्घटना के कारण की रिपोर्ट देनी होगी। इसके साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए एक दीर्घकालिक सिफारिशों पर रिपोर्ट देने का आदेश दिया।

यमुना एक्सप्रेस वे पर अवध डिपो की जनरथ बस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश जारी करते हुए पीडि़त परिवारों की मदद और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने को भी कहा है। सीएम ने बस की दुर्घटना का संज्ञान लिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आगरा में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु की खबर सुनकर गहरा शोक पहुंचा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत लोगों की आत्मा  को शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें। मैंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाये। डीएम-एसएसपी को घायलों को हर संभव चिकित्सा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

CM योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर Dy CM डॉ. दिनेश शर्मा व परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव आगरा रवाना

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की जनरथ सेवा की बस के आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में दुर्घटना का शिकार होने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा के साथ परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह व प्रमुख सचिव परिवहन अराधना शुक्ला आगरा जा रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वहां राहत कार्य तेजी से हो रहा है जबकि घायलों का भी इलाज हो रहा है।

लखनऊ से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार जनरथ बस ड्राइवर को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर 30 फीट नीचे झरना नाले में जा गिरी। बस के नहर में पलट जाने से 29 लोगों की मौत हो गई है। परिवहन निगम सभी मृतक के परिवार के लोगों को पांच-पांच लाख की आर्थिक सहायता देगा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र के झरना नाले में जब बस पलटी तो उसमें 50 लोग सवार थे। फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर के साथ डीएम व एसएसपी के साथ एसपी ग्रामीण भी राहत कार्य देख रहे हैं। घायलों को का जिला अस्पताल व मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिया संज्ञान

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुबह आगरा-यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे के मामले में संज्ञान लिया है।उन्होंने इस हादसे पर जिलाधिकारी से बात है और घायलों के उचित इलाज के लिए निर्देश दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस मामले पर बात की है। इस हादसे में अब तक 29 लोगों की मौत हो गई है। बस लखनऊ से गाजियाबाद आ रही थी। राजनाथ सिंह लखनऊ के सांसद हैं।

अखिलेश यादव ने की 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे इस दुख की घड़ी में शोक संतृप्त परिवार के साथ हैं। अखिलेश यादव ने सरकार से मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए की मुआवजा राशि देनी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की।

Back to top button